लोकसभा चुनाव 2024 : आगरा में बोले सीएम योगी- आज कब्र पर फातिहा पढ़ी जा रही 

UPT | आगरा में जनसभा को संबोधित करते सीएम योगी आदित्यनाथ।

Apr 22, 2024 14:50

उत्तर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ आज ताज नगरी में थे। भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर के लिए वोट मांगने आगरा पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर हमला किया। आगरा के...

Agra News : उत्तर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ आज ताज नगरी में थे। भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर के लिए वोट मांगने आगरा पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर हमला किया। आगरा के किरावली स्थित रामवीर क्रीड़ा स्थल पर जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने जनता से सीधे संवाद करते हुए कहा कि आज फतेहपुर सीकरी लोकसभा को गंगाजल मिल रहा है। आपको जिन लोगों ने गंगाजल की एक-एक बूंद के लिए तरसा दिया, आप भी उनको एक-एक वोट के लिए तरसा दीजिए। 

आपको किसी के सामने हाथ नहीं फैलाने हैं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा को संबोधित करने से पहले पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जनसभा में पहुंचने के बाद योगी आदित्यनाथ ने दहाड़ते हुए कहा कि आज माफिया की कब्र पर फातिहा पढ़ी जा रही है। जाति की बात कर रहे हैं, जाति पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं। आपको किसी के सामने हाथ नहीं फैलाने हैं। अब जो भी अपनी विरासत का सम्मान करेगा, उसे ही सम्मान मिलेगा। 

अब ब्रज भूमि की बारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी और अयोध्या के बाद अब बृज की बारी है। सीएम योगी ने भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर के लिए वोट करने की अपील की और कहा कि काशी -अयोध्या ने अपना लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। अब बृज भूमि की बारी है। भारत सरकार और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ जाति और मज़हब देखकर नहीं दिया जा रहा। भाजपा का नारा है कि "सबका साथ, सबका विकास" है। भाजपा में किसी का तुष्टिकरण नहीं है। विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा, बसपा ने लोगों को तरसाने का काम किया है। आज गरीबों को मकान मिल रहे हैं, उज्ज्वला योजना का लाभ मिला है। 

योजनाओं से वंचितों को भी मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने लोगों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ जिन लोगों को नहीं मिल पाया है, उनको आगे सभी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि आने वाले समय में जो केंद्र की योजनाओं से वंचित रह गए हैं, उन सभी को भी केंद्र की योजनाओं का लाभ मिलेगा। आप सभी को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने के साथ-साथ सुरक्षा और सुविधा भी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी खूब चुटकियां लीं। जनसभा को पूर्व वायु सेवा प्रमुख आरकेएस भदौरिया ने भी संबोधित किया। 

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आगरा की फतेहपुर सीकरी लोकसभा के किरावली में मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात रही। हर जगह पुलिस का सख्त पहरा दिखाई दिया। जनसभा के पंडाल में सभी की पुख्ता जांच के बाद ही पुलिस ने प्रवेश दिया। 

Also Read