Firozabad News : हरियाली से गुलजार होने जा रहा शिकोहाबाद से घिरोर तक क्षेत्र, बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान....

UPT | बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान....

Jul 28, 2024 23:26

शिकोहाबाद से घिरोर तक का क्षेत्र अब हरियाली से गुलजार होने जा रहा है क्योंकि इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है...

Firozabad News : शिकोहाबाद से घिरोर तक का क्षेत्र अब हरियाली से गुलजार होने जा रहा है क्योंकि इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। फिरोजाबाद जनपद को मैनपुरी जनपद से जोड़ने वाले मैनपुरी शिकोहाबाद मार्ग पर अब बड़े पैमाने पर पेड़ लगाए जा रहे हैं। शिकोहाबाद से घिरोर तक दोनों तरफ  पेड़ लगाने का अभियान जोरों से चल रहा हैं।

विभिन्न प्रजातियों के लगाए जा रहे हैं हजारों पौधे
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देना है। इस अभियान की शुरुआत सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने 20 जुलाई को की थी। वृक्षारोपण के दौरान विभिन्न प्रजातियों के हजारों पौधे लगाए जा रहे हैं। अभियान का आयोजन स्थानीय प्रशासन, विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्कूल-कॉलेजों के सहयोग से किया जा रहा है।

हाईवे पर दोनों ओर किया जा रहा है वृक्षारोपण
इस पहल में स्थानीय निवासियों की भी सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है वृक्षारोपण के दौरान पर्यावरण विशेषज्ञों द्वारा पौधों की देखभाल और उनके सही तरीके से रोपण के बारे में जानकारी भी दी जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत शिकोहाबाद और घिरोर के बीच यानी कि 25 किलोमीटर लम्बे इस हाईवे पर दोनों ओर वृक्षारोपण किया जा रहा है। साथ ही, इन पौधों की नियमित देखभाल के लिए भी योजनाएं बनाई गई है, ताकि ये पौधे सही तरीके से विकसित हो सके और पर्यावरण में अपना योगदान दे सकें।

अभियान में बढ़-चढ़कर लें हिस्सा
अभियान के संयोजकों ने कहा कि यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित करने का प्रयास भी है। स्थानीय प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने आसपास के पर्यावरण को संरक्षित करने में योगदान दें।

Also Read