रामनगरी में दीपोत्सव 2024 : अधिकारियों ने रामनगरी में तैयारियों का लिया जायजा, विशेष वेशभूषा का होगा इंतजाम

UPT | दीपोत्सव स्थलों का निरीक्षण

Oct 22, 2024 21:16

दीपोत्सव 2024 को भव्यता प्रदान करने के लिए अधिकारियों ने भी कमर कस ली है। मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविकता परखी।

Ayodhya News : रामनगरी में दीपोत्सव 2024 को सफल बनाने के लिए अधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है। हाल ही में दीपोत्सव के संबंध में हुई बैठक में दिए गए निर्देशों का भौतिक सत्यापन करने के लिए महापौर अयोध्या महंत गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक सदर वेद प्रकाश गुप्ता, मण्डलायुक्त गौरव दयाल, आईजी प्रवीण कुमार, डीएम चन्द्र विजय सिंह, एसएसपी राजकरन नैय्यर, नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा और अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अश्विनी कुमार पांडेय समेत अन्य संबंधित अधिकारियों ने दीपोत्सव स्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया।

सरयू आरती में शामिल होंगे 1100 लोग
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की टीम ने राम की पैड़ी, नयाघाट, सरयू आरती स्थल सहित अन्य स्थानों पर चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया। दीपोत्सव के आयोजन के लिए कार्य निरंतर चल रहा है। इस दौरान अधिकारियों ने दीपोत्सव मेला क्षेत्र और राम की पैड़ी का पैदल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए, ताकि सभी कार्य समय पर पूरे हो सकें। इसके अलावा, सरयू आरती के लिए प्रस्तावित 1100 लोगों की संख्या में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का भी ध्यानपूर्वक अवलोकन किया गया।



अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण
आरती में शामिल लोग एक ही वेशभूषा में नजर आएंगे। उप निदेशक पर्यटन आरपी यादव ने बताया कि सरयू आरती के आयोजन के लिए सहस्रधारा घाट से लक्ष्मण घाट तक 11 ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। यहां 90 फीट लंबा और 30 फीट ऊंचा मंच तैयार किया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक में साधु, संत, आचार्य और संस्कृत शिक्षकों को शामिल किया जाएगा। यादव ने कहा कि सभी 1100 प्रतिभागियों को एक समान वेशभूषा में रखने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे कार्यक्रम की भव्यता बढ़ सके। हालांकि, अंतिम निर्णय अभी नहीं हुआ है और 25 अक्टूबर तक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

दीपोत्सव स्थल का किया निरीक्षण
इस दौरान अपर जिलाधिकारी नगर और मेलाधिकारी सलिल कुमार पटेल ने की जा रही तैयारियों के सम्बंध में विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। निरीक्षण के दौरान अन्य सम्बंधित वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Also Read