अयोध्या दीपोत्सव-2024 : रामनगरी में  दिखेगा अध्यात्म, परंपरा व संस्कृति का संगम, मुख्य मंच पर होगा छह देशों की रामलीला का मंचन 

UPT | सांकेतिक फोटो

Oct 27, 2024 20:59

दीपोत्सव 2024 अयोध्या के लिए बेहद खास होगा, क्योंकि यह पहली बार "रामलला की मौजूदगी" में आयोजित किया जा रहा है। संस्कृति विभाग के निर्देशन में 28 से 30 अक्टूबर तक रामलीला दलों द्वारा शोभायात्रा की भी प्रस्तुति होगी।

Short Highlights
  • 25 लाख दीप जलाकर नया रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य
  • दीपोत्सव में रामनगरी में अध्यात्म, परंपरा और संस्कृति का संगम
  • दीपोत्सव पर कई राज्यों के कलाकार होंगे शामिल 
     

 

Ayodhya Deepotsav-2024 : दीपोत्सव 2024 अयोध्या के लिए बेहद खास होगा, क्योंकि यह पहली बार "रामलला की मौजूदगी" में आयोजित किया जा रहा है। इस बार 25 लाख दीप जलाकर नया रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य है। योगी सरकार के मार्गदर्शन में इस दीपोत्सव में रामनगरी में अध्यात्म, परंपरा और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। 

उत्तराखंड के कलाकार भी देंगे प्रस्तुति
30 अक्टूबर को रामकथा पार्क में मुख्य मंच पर छह देशों की रामलीला का मंचन होगा। म्यामार, नेपाल, थाईलैंड, मलेशिया, कंबोडिया और इंडोनेशिया के कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही उत्तराखंड के कलाकार भी अपनी रामलीला की प्रस्तुति देंगे। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में हनुमान चालीसा नृत्य नाटिका से आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होगा, और शाम सात बजे से यह कार्यक्रम शुरू होगा।

दीपोत्सव पर कई राज्यों के कलाकार होंगे शामिल 
दीपोत्सव के दौरान अन्य राज्यों के कलाकारों की भी प्रस्तुति होगी। मध्य प्रदेश, असम, महाराष्ट्र, तेलंगाना, झारखंड, बिहार, राजस्थान, जम्मू, हरियाणा, पंजाब, नागपुर, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, सिक्किम, चंडीगढ़, गोवा और ओडिशा से कलाकार विभिन्न लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का प्रदर्शन करेंगे। ये कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शुरू होंगे और अयोध्या की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाएंगे।

अयोध्या की प्रमुख रामलीला मंडलियां शामिल
संस्कृति विभाग के निर्देशन में 28 से 30 अक्टूबर तक रामलीला दलों द्वारा शोभायात्रा की भी प्रस्तुति होगी। इसमें अयोध्या की प्रमुख रामलीला मंडलियां शामिल होंगी। लोककलाकार भी विभिन्न नृत्य और गायन प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करेंगे, जिसमें बहुरूपिया और वनटांगिया नृत्य जैसे अद्भुत प्रदर्शन शामिल होंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 10 बड़े मंच
योगी सरकार ने अयोध्या में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 10 बड़े मंच बनाए हैं, जहां रामघाट, गुप्तार घाट, बड़ी देवकाली, बिड़ला धर्मशाला और तुलसी उद्यान जैसे प्रमुख स्थानों पर लोक कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। यह कार्यक्रम शाम पांच बजे से रात 9 बजे तक चलेंगे, जिसमें यूपी के सभी जनपदों के कलाकार भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 

Also Read