सुल्तानपुर डकैती कांड में एक और एनकाउंटर : पुलिस ने अजय यादव के पैर में मारी गोली, एक लाख का इनामी गिरफ्तार

UPT | पुलिस ने अजय यादव के पैर में मारी गोली

Sep 20, 2024 10:41

सुल्तानपुर की ज्वेलरी शॉप में डकैती के एक और आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम अजय यादव उर्फ डीएम है।

Sultanpur News : सुल्तानपुर की ज्वेलरी शॉप में डकैती के एक और आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम अजय यादव उर्फ डीएम है। अजय यादव 29 अगस्त 2024 को सुल्तानपुर की भरतजी ज्वेलर्स में हुई डकैती के बाद से फरार था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

ऐसे हुआ एक और एनकाउंटर
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार तड़के जयसिंहपुर कोतवाली के मोइली गांव में मुठभेड़ हुई। जब पुलिस ने अजय यादव को घेरने की कोशिश की, तो उसने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने अजय के पैर में दो गोलियां मारी, जिसके बाद वह घायल होकर गिर गया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

डकैती के बाद से था फरार
अजय यादव जौनपुर जिले के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के लारपुर गांव का निवासी है और उस पर पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। 29 अगस्त को सुल्तानपुर के पॉश इलाके में स्थित भरतजी ज्वेलर्स पर दिनदहाड़े डकैती हुई थी, जिसमें 1.35 करोड़ रुपये की ज्वेलरी लूट ली गई थी। इस घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज सामने आए थे, जो पुलिस की जांच में महत्वपूर्ण साबित हुए।

2 सितंबर को हुई थी पहली गिरफ्तारी
डकैती के इस मामले में पुलिस ने पहली गिरफ्तारी 2 सितंबर को की थी। उस समय मुठभेड़ के बाद सचिन सिंह, त्रिभुवन और पुष्पेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया था, जिनके पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई 15 किलो चांदी भी बरामद की थी। इसके दो दिन बाद, 5 सितंबर को एसटीएफ ने एक अन्य आरोपी मंगेश यादव को मुठभेड़ में मार गिराया। मंगेश यादव जौनपुर का निवासी था और पुलिस ने उसके पास से 5 किलो चांदी बरामद की थी।



यह भी गिरफ्तारी हुई हैं
इसके बाद, 11 सितंबर को अयोध्या में पुलिस ने चार और बदमाशों दुर्गेश सिंह, विनय शुक्ला, अरविंद यादव और विवेक सिंह को गिरफ्तार किया, जो एक-एक लाख रुपये के इनामी थे। उनके पास से करीब डेढ़ किलो सोना बरामद हुआ था। इस डकैती की योजना के मास्टरमाइंड विपिन सिंह ने 29 सितंबर को रायबरेली कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। पुलिस ने विपिन के घर से 1.2 किलो सोना बरामद किया, जिसे उसने अपने खेत में छिपाकर रखा था।

मंगेश यादव के एनकाउंटर को लेकर राजनीतिक गरमाई
डकैती कांड में मंगेश यादव के एनकाउंटर को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी हुई। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि जाति विशेष के आधार पर मंगेश का एनकाउंटर किया गया है। उन्होंने मंगेश यादव के परिवार वालों से मुलाकात की और इस मुद्दे पर विरोध जताया। वहीं, डीजीपी प्रशांत कुमार ने इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि मंगेश यादव डकैती में सीधे तौर पर शामिल था। उन्होंने एनकाउंटर के दौरान मंगेश के भागने और फायरिंग करने की पुष्टि की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

Also Read