अराजकतत्वों ने तोड़ी भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा: भड़के लोग, ग्रामीणों ने हंगामा कर जताया विरोध

UPT | बलिया में भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ने के बाद मौके पर जमा भीड़ व पुलिस।

Oct 05, 2024 00:06

फेफना थाना क्षेत्र के कर्ची परूआ गांव में शुक्रवार को उस समय तनाव फैल गया, जब अराजकतत्वों द्वारा स्थापित भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ दी गई। बताया जा रहा है कि प्रतिमा को देर रात क्षतिग्रस्त किया गया।

Baliya News: फेफना थाना क्षेत्र के कर्ची परूआ गांव में शुक्रवार को उस समय तनाव फैल गया, जब अराजकतत्वों द्वारा स्थापित भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ दी गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दूसरी प्रतिमा स्थापित कराने के बाद मामला शांत हुआ।

देर रात अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था 
घटना की जानकारी ग्रामीणों को शुक्रवार सुबह मिली, जब उन्होंने देखा कि गांव में स्थापित अंबेडकर जी की प्रतिमा को तोड़
दिया गया है। बताया जा रहा है कि प्रतिमा को देर रात अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही
स्थानीय बसपा नेताओं और समर्थकों का गांव में जमावड़ा लग गया। धीरे-धीरे गांव के लोग भी आक्रोशित हो उठे और
नारेबाजी करने लगे।

सैकड़ों लोग विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए
विधानसभा प्रभारी अरुण कुमार, संजय भारती, अनुज कुमार, श्रवण कुमार, नरेंद्र धूसिया, अशोक भारती, अजीत कुमार और सुनील भारती सहित सैकड़ों लोग विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। स्थिति को गंभीर होता देख, पुलिस तुरंत हरकत में आई। क्षेत्राधिकारी सदर श्यामकांत, फेफना थानाध्यक्ष बृजमोहन सरोज, चितबड़ागांव के थानाध्यक्ष प्रशांत चौधरी और गड़वार थाने के प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। 

क्षेत्राधिकारी ने दूसरी प्रतिमा स्थापित करने का आश्वासन दिया
ग्रामीणों की मांग पर क्षेत्राधिकारी ने दूसरी प्रतिमा स्थापित करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने विरोध समाप्त किया। थानाध्यक्ष बृजमोहन सरोज ने बताया कि अज्ञात अराजकतत्वों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और दोषियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने यह भी कहा कि जल्द ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है, लेकिन पुलिस की सतर्कता और दूसरी प्रतिमा लगाने से स्थिति फिलहाल सामान्य हो गई है। ग्रामीणों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का अनुरोध किया है। 

Also Read