बलिया में अधिकारियों का एक्शन : डीएम, एसपी ने किया जिला कारागार का औचक निरीक्षण, मचा हड़कंप

UPT | जेल का निरीक्षण करते अधिकारी

Feb 29, 2024 15:28

जिला कारागार में इन दिनों चल रही सभी गतिविधियों की जांच के लिए गुरुवार को पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। कैदियों की चिकित्सा व्यवस्था, भोजन, नाश्ता…

Ballia News (Akhilanand Tiwari) : जिला कारागार में इन दिनों चल रही सभी गतिविधियों की जांच के लिए गुरुवार को पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। कैदियों की चिकित्सा व्यवस्था, भोजन, नाश्ता एवं अन्य सुविधाओं को जांच करने जिलाधिकारी रवींद्र कुमार और पुलिस कप्तान देव रंजन वर्मा जिला कारागार पहुंचे। इस दौरान दोनो अधिकारियों ने बारी-बारी से सब कुछ चेक किया। जेल में मोबाइल एवं अन्य आपत्तिजनक वस्तुओं के बारे में गहन छानबीन की। इस दौरान जेल में हड़कप मचा रहा। हालांकि बताया जा रहा है कि अधिकारियों को कुछ भी हाथ नहीं लगा।

जेल मैनुअल के हिसाब से चलेगी व्यवस्था
प्रभारी कारागार अधीक्षक (जेलर ) से जेल की व्यवस्था के बाबत अधिकारियों ने पूछताछ की और आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि जेल मैनुअल के हिसाब से ही यहां की पूरी व्यवस्था संचालित होनी चाहिए। किसी तरह की लापरवाही बरतने पर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

हवालात कार्यालय में अभिलेखों की जांच और महिला कैदियों से की बातचीत
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कारागार के बैरक में रहने वाले कैदियों से उनकी समस्याओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। कुछ कैदियों ने अपनी समस्या भी सुनाई, जिसका तत्काल समाधान करने का निर्देश कारागार अधीक्षक को दिया गया। इसके बाद जेल अस्पताल में गए और वहां उपलब्ध दवा आदि के बारे में विस्तृत जानकारी ली। किचन में जाकर कैदियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता को परखा कि जेल में कैदियों को सही भोजन व नास्ता मिल रहा है या नहीं। हवालात कार्यालय में जाकर अभिलेखों की जांच की। इसके अलावा महिला बैरक में जाकर उनसे बातचीत कर आश्वस्त हुए कि उनकी कोई समस्या तो नहीं है। 

जेल व्यवस्था का कड़ाई से हो पालन
डीएम-एसपी ने कारागार अधीक्षक को निर्देश दिया कि यहां की व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। कारागार अधीक्षक को निर्देशित किया कि बंदियों से संपर्क स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं को सुने और उसका निराकरण करवाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही संज्ञान में आने पर अधिकारी पर ठोस कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्रभारी कारागार अधीक्षक (जेलर) राजेन्द्र सिंह मौजूद रहे।

Also Read