बरेली में बाइक सवार शोहदे ने छात्राओं से फिर की छेड़छाड़ : सीसीटीवी कैमरे में कैद, पुलिस जुटी तलाश में

UPT | सीसीटीवी फुटेज में आरोपी

Sep 12, 2024 16:37

बरेली में एक बाइक सवार शोहदे की हरकतों से छात्राएं काफी परेशान हैं। शोहदा लाल रंग की बाइक से आता है। यह बाइक बजाज की बताई जा रही है। छात्राओं के स्कूल जाने और आने के समय आता है। यह काफी समय से...

Bareilly News : यूपी के बरेली में एक बाइक सवार मनचले (शोहदे) की हरकतों से छात्राएं काफी परेशान हैं। यह शोहदा आए दिन रास्ते में बाइक रोक कर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ कर रहा है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। उसकी तलाश में पुलिस जुटी है। मगर, इसके बाद भी शोहदा-बीच बीच में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। इस बार शोहदे ने शहर के बारादरी थाना क्षेत्र के संजयनगर में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। उसकी हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसके साथ ही मोहल्ले के लोगों ने पुलिस से शिकायत की है। इससे पहले शनिवार को भी मनचले ने छात्राओं से रास्ते में छेड़छाड़ की थी। उस वक्त परेशान छात्राओं ने मनचले को मारने के लिए पत्थर उठा लिया था। यह देख मनचला फरार हो गया। मगर, उसकी यह हरकत भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। 

लाल रंग की बाइक से आता है शोहदा
शहर के बारादरी थाना क्षेत्र के संजय नगर के बाशिंदों ने बताया कि शोहदा लाल रंग की बाइक से आता है। यह बाइक बजाज की बताई जा रही है। शोहदा छात्राओं के शिक्षण संस्थान (स्कूल) जाने और आने के समय आता है। वह कभी पूरे कपड़ों में होता है, तो कभी हाफ पेंट और टी शर्ट में। यह काफी समय से छात्राओं से छेड़खानी कर रहा है। इससे पहले शनिवार को मनचले ने रास्ते में बाइक रोककर तीन छात्राओं से छेड़छाड़ की थी। उसने छात्राओं के आगे बाइक लगाकर उनको रोकने की कोशिश की। इसमें से दो छात्राएं डरकर भाग गई थीं, लेकिन तीसरी छात्रा ने हिम्मत दिखाई। उसने पास में पड़े पत्थर को उठाया और मनचले के ऊपर फेंक कर मारा था। इसके बाद मनचला वहां से फरार हो गया था।

सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटो वायरल
शोहदे की यह शर्मनाक हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी का वीडियो और फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे हैं। इससे पहले के वायरल वीडियो को पुलिस के एक्स (ट्विटर) पर ट्वीट भी किया था। इसके बाद बारादरी थाना पुलिस आरोपी मनचले की तलाश में एक्टिव है। पुलिस ने जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की बात कही है।

Also Read