Advani Bharat Ratna : ग्राम स्वराज यात्रा लेकर बस्ती पहुंचे थे आडवाणी, अपने संकल्पों से हर किसी में भर दिया था आत्मविश्वास

फ़ाइल फोटो | 3 जुलाई 1997 को बस्ती पहुंचे लालकृष्ण आडवाणी रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता करते हुए। 

Feb 03, 2024 17:47

साहित्य के क्षेत्र का प्रतिष्ठित कबीर पुरस्कार प्राप्त और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र प्रसाद तिवारी का चेहरा खुशी से दमक रहा है। वह बताते हैं कि आज राम मंदिर का निर्माण अगर हुआ है तो उसके आंदोलन की नींव रखने वाले लालकृष्ण आडवाणी ही थे। अपनी नीतियों और लक्ष्य को लेकर उनके मन में कभी संशय की स्थिति नहीं रही।

Basti News (संतोष कुमार तिवारी) : अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में उप प्रधानमंत्री रहे लालकृष्ण आडवाणी राम मंदिर आंदोलन के शुरुआती दिनों में बस्ती आए थे। तब वह ग्राम स्वराज यात्रा की अगुवाई कर रहे थे। उस समय जिले के तमाम इलाकों का भ्रमण किया। इस दौरान हुई जनसभाओं में उन्होंने अपने ओजस्वी भाषण से राम मंदिर समेत गांवों से जुड़े मुद्दों को लेकर जो आत्मविश्वास भरा था। आज उसी की परिणीति भव्य राम मंदिर के रूप में देश-दुनिया के करोड़ों हिंदू देख रहे हैं।

तीन जुलाई 1997 को बस्ती आए थे आडवाणी
साहित्य के क्षेत्र का प्रतिष्ठित कबीर पुरस्कार प्राप्त और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र प्रसाद तिवारी का चेहरा खुशी से दमक रहा है। वह बताते हैं कि आज राम मंदिर का निर्माण अगर हुआ है तो उसके आंदोलन की नींव रखने वाले लालकृष्ण आडवाणी ही थे। अपनी नीतियों और लक्ष्य को लेकर उनके मन में कभी संशय की स्थिति नहीं रही। वर्तमान में जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष राजेंद्र नाथ तिवारी कहते हैं कि आडवाणी 3 जुलाई 1997 को ग्राम स्वराज यात्रा लेकर बस्ती आए थे। उस समय मैं बस्ती जनपद का संयोजक था।

कल्याण सिंह भी थे आडवाणी के साथ
वर्ष 1997 में आई ग्राम स्वराज यात्रा में तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, राजनाथ सिंह, गोविंदाचार्य, उमा भारती भी आए थे। रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक होटल में विश्राम किया था। वहीं से यात्रा फिर आगे छावनी होते हुए अयोध्या को चली गई थी। होटल में एक पत्रकार वार्ता को भी संबोधित किया था।

आडवाणी को भारत रत्न की घोषणा से भाजपाई गदगद
राम मंदिर आंदोलन के पुरोधा लालकृष्ण आडवाणी को भारत दिए जाने की घोषणा से जिले का हर भाजपाई गदगद है। वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश शुक्ला कहते हैं कि केंद्र सरकार ने आडवाणी को भारत रत्न देकर जमीन से जुड़े हर भाजपा कार्यकर्ता को पुलकित कर दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने भी आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने पर खुशी जताई है। कहते हैं कि लालकृष्ण आडवाणी हर भाजपा कार्यकर्ता के प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने जिस राम मंदिर आंदोलन को शुरू किया उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरा किया है। आडवाणी को दिया गया यह सम्मान हर भाजपा कार्यकर्ता का सम्मान है।
 

Also Read