बस्ती से बड़ी खबर : अयोध्या विवादित ढांचा गिराने के आरोपी के बेटे की हत्या, भाजपा नेता से कनेक्शन

UPT | Basti

Sep 27, 2024 13:11

शव मिलने के बाद परिजनों ने पूर्व बीजेपी विधायक राणा किंकर सिंह के बेटे नागेश सिंह और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। नागेश प्रताप सिंह भी बीजेपी का एक वरिष्ठ नेता है...

Basti News : उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में अयोध्या विवादित ढांचे को गिराने के आरोपी रमेश सिंह के बेटे शक्ति सिंह की हत्या से क्षेत्र में खलबली मच गई है। गुरुवार को उनका शव दुबौलिया थाना क्षेत्र के गौरा सैफाबाद तटबंध के पास सरयू नदी की ठोकर के निकट एक बोरे में मिला। हत्या के मामले में आरोप बीजेपी के एक नेता पर लगाया गया है, और पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है।

बीजेपी नेता पर लगा आरोप
दरअसल, लक्ष्मण सेना के अध्यक्ष रहे रमेश सिंह का नाम अयोध्या विवाद से जुड़े मामले में भी सामने आया था। उनके बेटे का शव मिलने के बाद परिजनों ने पूर्व बीजेपी विधायक राणा किंकर सिंह के बेटे नागेश सिंह और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। नागेश प्रताप सिंह भी बीजेपी का एक वरिष्ठ नेता है, जिससे मामला और जटिल हो गया है।



खून से सना बोरा देखकर दी सूचना
यह हत्या पुरानी रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, नागेश सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर शक्ति सिंह की बेरहमी से हत्या की, जिसके बाद शव को सरयू नदी के किनारे फेंक दिया गया। गांव वालों ने गुरुवार को खून के निशान देखे और जब उन्होंने करीब जाकर देखा, तो उन्हें एक खून से सना बोरा दिखाई दिया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
जिसके बाद, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बोरे से शव बरामद किया। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और उसका शरीर प्लास्टिक के बोरे में छुपाया गया था। पुलिस ने शव की पहचान शक्ति सिंह के रूप में की है। मृतक के परिवार ने लिखित तहरीर देकर राणा नागेश प्रताप सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसके बाद नगर थाने की पुलिस ने नागेश और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

Also Read