गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला का बस्ती दौरा: उन्नत गायों के विकास और रोटी बैंक की घोषणा

UPT | गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने बस्ती सर्किट हाउस में की प्रेसवार्ता

Oct 09, 2024 19:28

प्रदेश सरकार द्वारा गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद महेश शुक्ला ने पहला दौरा बुधवार को बस्ती का किया। इस दौरान उन्होंने सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता भी की....

Basti News : प्रदेश सरकार द्वारा गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद महेश शुक्ला ने पहला दौरा बुधवार को बस्ती का किया। इस दौरान उन्होंने सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता भी की। इसमें उन्होंने किसानों के हित में उन्नत किस्म की गायों के विकास की योजना साझा की और कहा कि गो सेवा बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें समाज के हर व्यक्ति को शामिल होना चाहिए।

गोवंश संरक्षण पर जोर
महेश शुक्ला ने गोवंश संरक्षण की दिशा में कई योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि यदि किसान गाय पालना चाहते हैं, तो उन्हें अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही निजी गोशालाओं को प्रतिदिन 30 रुपये प्रति गाय के हिसाब से सहायता दी जा रही है, जबकि सरकारी गोशालाओं को 50 रुपये प्रति गाय मिलते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आवारा पशुओं की संख्या कम करने के लिए सरकार ने योजना बनाई है, जिसके तहत देशी प्रजातियों के सांडों का बंधीकरण किया जाएगा।



बस्ती में रोटी बैंक की स्थापना
महेश शुक्ला ने यह भी बताया कि बस्ती में गायों के लिए एक रोटी बैंक का संचालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिंदू मान्यता के अनुसार, पहली रोटी गाय को दी जाती है। इस रोटी बैंक में नगर पालिका और नगर पंचायतों के सहयोग से लोग स्वेच्छा से चोकर, खरी आदि दान कर सकेंगे। इस मौके पर महेश शुक्ला ने कहा कि गो सेवा के प्रति लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे इस पुनीत कार्य में आगे आएं। उनकी योजना है कि जिले में गो सेवा को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
 

Also Read