गांधी जयंती : हमीरपुर में कांग्रेसियों को गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने से रोका, सीडीओ से तकरार

UPT | गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर बहस करते कांग्रेसी

Oct 02, 2024 16:21

हमीरपुर जिले में गांधी जयंती के अवसर पर गांधी पार्क में आयोजित राज्य मंत्री रामकेश निषाद के कार्यक्रम ने कांग्रेस पार्टी के सदस्यों के साथ विवाद उत्पन्न कर दिया। प्रशासन ने कांग्रेसियों को कार्यक्रम में माल्यार्पण करने से रोक दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

Hamirpur News : हमीरपुर जिले में गांधी जयंती के अवसर पर गांधी पार्क में होने वाले राज्य मंत्री रामकेश निषाद के कार्यक्रम की वजह से प्रशासन ने कांग्रेसियों को माल्यार्पण करने से रोक दिया। राज्य मंत्री अपने तय समय सुबह 9:12 से कुछ देर से पहुंचे, उनके माल्यार्पण के बाद ही कांग्रेसियों को माल्यार्पण करने का मौका मिला। इस दौरान कांग्रेसियों की सीडीओ से झड़प भी हो गई। कांग्रेसियों का आरोप है कि इस कार्यक्रम में महात्मा गांधी अमर रहे जैसे नारा लगाने से भी परहेज किया गया।

ये था मामला
आपको बता दें कि हमीरपुर मुख्यालय के गांधी पार्क में सुबह प्रदेश सरकार के जल शक्ति विभाग के राज्य मंत्री और प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद का गांधी पार्क में कार्यक्रम था। यहां राज्य मंत्री को क्षय रोग मुक्त ग्राम पंचायत के प्रधानों को सम्मानित करना था लेकिन राज्य मंत्री के कार्यक्रम में देरी होने की वजह से उनसे पहले माल्यार्पण करने पहुंचे कांग्रेसियों को सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ला ने रोक दिया। इससे कांग्रेसियों की सीडीओ से तकरार हो गई। 



कांग्रेस का प्रदर्शन
कांग्रेस जिला अध्यक्ष हिमांशु सैनी ने बताया कि राज्य मंत्री के माल्यार्पण करने के बाद ही उन लोगों को माल्यार्पण करने का मौका मिला। इस दौरान उन्होंने गांधी शास्त्री अमर रहे के नारे लगाए लेकिन उनकी टीम के अलावा कार्यक्रम में मौजूद किसी भी व्यक्ति ने नारे नहीं लगाए। कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत त्रिपाठी का कहना है कि कार्यक्रम की शुरुआत महारानी लक्ष्मी पार्क से हुई, यहां कांग्रेसियों ने लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और रघुपति राघव राजा राम भजन गाते हुए गांधी पार्क तक पहुंचे जहां उन लोगों को माल्यार्पण करने से रोका गया।

ये भी पढ़ें:- जयंती पर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को किया याद, मंडलायुक्त कार्यालय में हुआ कार्यक्रम का आयोजन
ये भी पढ़ेंः-Ghaziabad News : गांधी जयंती पर मलिन बस्तियों में चलेगा स्वच्छता अभियान

Also Read