Gonda News : अवैध टैक्सी स्टैंड पर प्रशासन की कड़ी कार्रवाई, 6 वाहन सीज, 4 का चालान

UPT | प्रशासन की कड़ी कार्रवाई

Sep 26, 2024 16:13

गोंडा में अवैध टैक्सी स्टैंड और अवैध रूप से टैक्सियों का संचालन करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की है।

Gonda News : गोंडा में अवैध टैक्सी स्टैंड और अवैध रूप से टैक्सियों का संचालन करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की है। यह कार्रवाई गुरु नानक चौक से लेकर बस स्टेशन चौराहे तक की गई, जहां प्राइवेट टैक्सियां खड़ी करके सवारियां भरी जा रही थीं, जिससे क्षेत्र में भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। इस अव्यवस्था के कारण सरकारी बसों और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। 

अवैध टैक्सी स्टैंड पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई
लोगों द्वारा लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने आज सख्त कदम उठाया। अब तक की गई कार्रवाई में 6 वाहनों को सीज किया गया है और 4 वाहनों का चालान काटा गया है। इसके अलावा, अवैध रूप से टैक्सी संचालन करने वाले दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। 

बस स्टेशन तक जाम की स्थिति
यह पहली बार नहीं है कि गोंडा में अवैध टैक्सी स्टैंड के कारण यातायात बाधित हुआ हो। यहां के दबंग टैक्सी स्टैंड संचालक न तो प्रशासन का डर मानते हैं, न ही परिवहन विभाग का। यहां आए दिन दुर्घटनाएं और विवाद होते रहते हैं। इसके बावजूद, अब प्रशासन ने इन अवैध गतिविधियों पर सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। 



अवैध टैक्सी संचालन करने वाले दो लोग गिरफ्तार
जब अवैध रूप से संचालित वाहनों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा था, तब एक टैक्सी स्टैंड संचालक ने सिटी मजिस्ट्रेट के गनर के साथ अभद्रता की और गनर का हाथ पकड़कर अपनी अवैध टैक्सी को वहां से भगा दिया। इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। 

सिटी मजिस्ट्रेट के गनर से अभद्रता
सिटी मजिस्ट्रेट विजय शर्मा ने कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर प्रशासन अब लगातार नजर रखेगा और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि गोंडा में अब जाम की स्थिति नहीं बनने दी जाएगी और अव्यवस्थित टैक्सी संचालन पर पूरी तरह से रोक लगाई जाएगी। 

Also Read