गोंडा में दाना चक्रवर्ती तूफान का असर : मूसलाधार बारिश से फसलें हो रही बर्बाद, किसानों की चिंता बढ़ी

UPT | गोंडा में दाना चक्रवर्ती तूफान का असर

Oct 25, 2024 21:13

उत्तर प्रदेश के गोंडा में दाना चक्रवर्ती तूफान का प्रभाव महसूस किया जा रहा है। बीते 2 घंटे से मूसलधार बारिश हो रही है, जो तेज हवाओं के साथ हो रही है...

Gonda News : उत्तर प्रदेश के गोंडा में दाना चक्रवर्ती तूफान का प्रभाव महसूस किया जा रहा है। बीते 2 घंटे से मूसलधार बारिश हो रही है, जो तेज हवाओं के साथ हो रही है। इस बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन किसानों के लिए यह स्थिति चिंताजनक बन गई है। मौसम विभाग ने पहले ही तूफान के प्रति चेतावनी जारी की थी, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। भारत सरकार भी इस तूफान की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है।



किसानों की धान की फसल प्रभावित
गोंडा में हो रही बारिश से किसानों की धान की फसल को गंभीर नुकसान हो रहा है। खेतों में खड़ी पक्की फसलें प्रभावित हो रही हैं, जबकि कटकर सूखने के लिए फैलाई गई धान की फसल भी बर्बाद हो रही है। इस स्थिति से किसानों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो सकता है, क्योंकि फसल की बर्बादी उनके जीवन यापन पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है। ऐसे में किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं, और वे अपने मोबाइल फोन पर तूफान की जानकारी प्राप्त करने में व्यस्त हैं।

प्रशासन तैयार, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित
गोंडा के जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश कुमार ने बताया कि जिले में तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने लोगों से सजग रहने की अपील की और किसी भी आपात स्थिति के लिए प्रशासन की तैयारियों की जानकारी दी। जिला प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्पर है। गोंडा में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति का सामना किया जा सके।

Also Read