अच्छी खबर : गोरखपुर में बनेगा प्रदेश का पहला वन विश्वविद्यालय, जिले की होगी छठीं यूनिवर्सिटी...

UPT | वन विश्वविद्यालय का सांकेतिक फोटो।

Sep 23, 2024 12:14

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में छठवां विश्वविद्यालय खोलने की तैयारी शुरू हो चुकी है। शासन की ओर से यहां, प्रदेश का पहला वन विश्वविद्यालय (फारेस्ट यूनिवर्सिटी) स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला...

Gorakhpur News : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में छठवां विश्वविद्यालय खोलने की तैयारी शुरू हो चुकी है। शासन की ओर से यहां, प्रदेश का पहला वन विश्वविद्यालय (फारेस्ट यूनिवर्सिटी) स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन को इसके लिए जमीन तलाशने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने जमीन की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए लगभग 100 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें वानिकी (फारेस्ट्री) के विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित होंगे।

ये है प्लानिंग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छह सितंबर को गोरखपुर वन प्रभाग के कैंपियरगंज रेंज के भारीवैसी में स्थापित जटायु राजगिद्ध संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र के उद्घाटन कार्यक्रम में वन विभाग को वानिकी कालेज (फारेस्ट्री कालेज) खोलने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया था। अब शासन ने विश्वविद्यालय खोलने पर सहमति दी है। जिले की उत्तरी दिशा में जमीन उपलब्ध कराई जा सकती है। इसमें वन संसाधनों के संरक्षण और सतत प्रबंधन के लिए गुणवत्ता वाले वानिकी पेशेवरों को तैयार किया जाएगा। यहां स्नातक, परास्नातक एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों का संचालन होगा और शोध भी किया जाएगा। इससे वन संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और वानिकी विकसित करने में भी मदद मिलेगी। यहां पढ़ाई करने वाले युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। वन क्षेत्र में आ रही कमी को देखते हुए इस तरह के विश्वविद्यालय को अब महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मौजूदा परिवेश में जरूरी है संस्थान
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में पर्यावरण विज्ञान विभाग की जिम्मेदारी संभाल चुके प्रो. डीके सिंह बताते हैं कि आज के परिवेश में इस तरह के विश्वविद्यालय की बड़ी जरूरत है। जंगली जानवरों का आबादी क्षेत्र में आना और उनका हिंसक होना, घटते वन क्षेत्र एवं आबादी का उसके निकट पहुंचने का नतीजा है।

Also Read