बीजेपी सांसद सुब्रत पाठक ने सपा मुखिया पर निकाली भड़ास : बोले-यूपी को पाकिस्तान बनाना चाहते थे अखिलेश यादव

UPT | बीजेपी सांसद सुब्रत पाठक

Apr 08, 2024 16:24

सपा मुखिया अखिलेश यादव भारत को पाकिस्तान बना देना चाहते थे। उत्तर प्रदेश को पाकिस्तान बनाना चाहते थे तभी तो माफिया मुख्तार अंसारी की कब्र पर आंसू बहाने गए लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ...

Auraiya News : लोकसभा चुनाव 2024 जोरों पर है और सभी पार्टियां चुनावी रैलियों में लगी हुई हैं। एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए जाने लगे हैं। इसी बीच खबर उत्तर प्रदेश के औरेया से आ रही है, जहां बीजेपी सांसद सुब्रत पाठक ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को लेकर बड़ा बयान दिया है।  

दरअसल बीजेपी सांसद सुब्रत पाठक ने  सपा मुखिया अखिलेश यादव के मुख्तार अंसारी के घर जाने को लेकर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव तो पूरे भारत को पाकिस्तान बना देना चाहते थे। उत्तर प्रदेश को पाकिस्तान बनाना चाहते थे तभी तो माफिया मुख्तार अंसारी की कब्र पर जाकर और उनके शव पर जाकर आंसू बहाने गए लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के घर एक बार झांकने भी नहीं गए।

देश का विकास करना चाहती है बीजेपी
कन्नौज सांसद व लोकसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी सुब्रत पाठक ने आगे कहा कि बीजेपी देश का विकास करना चाहती है। लेकिन अखिलेश यादव तो पूरे भारत को पाकिस्तान बना देना चाहते थे। उनकी सरकार में ये हो भी रहा था। सुब्रत पाठक ने पीएम नरेंद्र मोदी के बनारस को क्योटो और जितिन प्रसाद के पीलीभीत को मुंबई बनाने की बात पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की टिप्पणी पर पलटवार किया। बीजेपी सांसद ने कहा, पीएम मोदी कहते हैं कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है, हम विकसित राष्ट्र बनाएंगे, क्यूटो जैसा बनाएंगे।
 
मुख्तार अंसारी को श्रद्धांजलि देने गए थे अखिलेश 
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव रविवार को गाजीपुर में माफिया मुख्तार अंसारी के घर पहुंचे थे। माफिया मुख्तार अंसारी के निधन के बाद उनके मुहम्मदाबाद स्थित आवास पर जाकर उनके बड़े भाई सांसद अफजाल अंसारी, भतीजे विधायक शोएब अंसारी उर्फ मन्नू अंसारी, पुत्र उमर अंसारी सहित शोकाकुल सभी परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की थी। वे मुख्तार अंसारी की कब्र पर श्रद्धांजलि देने भी पहुंचे थे। इसके बाद शहीद इंटर कॉलेज में हैलीपैड स्थल पर पत्रकारों से रूबरू होते हुए सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि मुख्तार अंसारी की मौत को नेचुरल डेथ नहीं माना जा सकता। मुख्तार अंसारी द्वारा यह खुद कहा गया कि उसको जहर दिया जा रहा है और कुछ दिनों के बाद वही बात सामने आयी। अखिलेश यादव ने कहा था कि हमें उम्मीद है कि अगर सरकार ईमानदारी से जांच करें तो सच सामने आएगा। जिससे परिवार को न्याय मिलेगा।



सुब्रत पाठक ने पहले भी लगाया था अखिलेश पर आरोप
भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने पिछले दिनों सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाया था। सुब्रत पाठक ने कहा था कि अखिलेश यादव उनकी हत्या करवाना चाहते हैं। दरअसल सपा नेता ने कन्नौज लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी और सांसद सुब्रत पाठक के टुकड़े-टुकड़े करने की धमकी दी थी। सपा नेता मनोज दीक्षित उर्फ ननकू ने अखिलेश यादव की मौजूदगी में भाजपा सांसद सुब्रत पाठक पर विवादास्पद बयान दिया था। इसके बाद सुब्रत पाठक ने अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए थे।

Also Read