सीएम योगी का अखिलेश पर पलटवार : सबको पता है उन सज्जन की तस्वीर किसके साथ है, और राजनीतिक संबंध

UPT | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

Jul 04, 2024 01:03

हाथरस सत्संग भगदड़ घटना में 121 लोग अपनी जान गवां चुके हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद सीएम योगी ने खुद मोर्चा संभाला है। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही घायलों से उनका हाल जाना। सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर हमला करते हुए कहा कि उन सज्जन की फोटो किसके साथ है, सभी जानते हैं।

UP News : यूपी के हाथरस में मंगलवार को नारायण हरि साकार के नाम से फेमस सूरज पाल उर्फ भोले बाबा के सत्संग में भगदड़ मचने से 121 लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद सीएम योगी एक्शन में हैं। उन्होंने खुद मोर्चा संभाला है। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हाथरस पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही अस्पताल में घायलों का हालचाल जाना है। इसके बाद मीडिया कर्मियों से बात करते हुए, घटना का पूरा ब्यौरा दिया।

हाथरस सत्संग में मची भगदड़ पर सपा मुखिया अखिलेश यादव का बयान आया था। जिसमें उन्होंने सरकार को कठघरें में खड़ा किया था। सीएम योगी ने अखिलेश के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कुछ लोगों की प्रवृति होती है कि दुखद और दर्दनाक घटनाओं में भी राजनीति ढूंढते हैं। सीएम योगी यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की फितरत चोरी भी और सीना जोरी भी होती है। हर व्यक्ति जानता है कि उन सज्जन की फोटो किसके साथ है। उनके राजनीतिक संबंध किसके साथ जुड़े थे।

सीएम योगी ने इशारों में कही बड़ी बात
सीएम योगी ने कहा कि आप ने देखा होगा कि रैलियों के दौरान कहां भगदड़ हुई थी। उसके पीछे कौन लोग थे, जो लोग निर्दोष लोगों के जीवन से खिलवाड़ करते हैं। उनकी जवाबदेही भी तय की जाएगी। सीएम योगी का इशारा लोकसभा चुनाव के दौरान अखिलेश यादव की रैलियों में भगदड़ की तरफ था। मंगलवार को अखिलेश यादव ने सरकार को इसके लिए दोषी ठहराया था।

सपा मुखिया ने उठाए थे सवाल
सपा मुखिया अखिलेश यादव की सूरज पाल उर्फ- भोले बाबा के साथ तस्वीरें भी वायरल हुईं थीं। वायरल तस्वीरों के आधार पर सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर पलटवार किया है। अखिलेश यादव ने कहा था कि प्रशासन ना तो भीड़ का आंकलन कर सका। इसके साथ ही ना तो एंबुलेंस और इलाज की समुचित व्यवस्था हो सकी। बाबा की गिरफ्तारी से जुड़े सवाल पर कहा था कि किस बाबा को गिरफ्तार कराऊं। उच्चस्तरीय जांच के सवाल पर कहा था कि इसमें कुछ नहीं होने वाला है। राज्य और केंद्र दोनों जगह पर बीजेपी की सरकार है। बेकाबू भीड़ देखकर प्रशासन अलर्ट क्यों नहीं हुआ। 

Also Read