Kanpur News : नौ माह बाद आखिर विदा हुई बेबी पूनम, जानें कौन थी बेबी पूनम

UPT | बेबी पूनम के जाते समय इकट्ठा हुए स्टाफ के लोग

Jul 05, 2024 20:08

नौ माह पूर्व हैलट के जच्चा-बच्चा विभाग में जन्मी बेबी पूनम को आज नम आंखों से विदा कर दिया गया। बेबी पूनम को राजकीय बाल संरक्षण गृह के लिए विदा किया गया।नौ माह पूर्व एक महिला एक बेटी को जन्म देकर वहां से फरार हो…

Kanpur News : नौ माह पूर्व हैलट के जच्चा-बच्चा विभाग में जन्मी बेबी पूनम को आज नम आंखों से विदा कर दिया गया। बेबी पूनम को राजकीय बाल संरक्षण गृह के लिए विदा किया गया। नौ माह पूर्व एक महिला एक बेटी को जन्म देकर वहां से फरार हो गई थी। जिसके बाद से उसका पालन पोषण अस्पताल में ही किया जा रहा था। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और नर्सों ने उसका नाम बेबी पूनम रख दिया था। वहीं डॉक्टरों ने उसके परिजनों को काफी तलाशने की कोशिश की पर उसके परिजनों का कोई भी पता नहीं चला।

बेबी पूनम को लेने के लिए राजकीय बाल संरक्षण गृह आगे आया
जिसके बाद से आये दिन बेबी पूनम को लेकर चर्चा चलती थी और रोजाना मीडिया के माध्यम से खबरें प्रसारित होती थी कि आखिर बेबी पूनम को कौन पालेगा। वहीं आज शुक्रवार को बेबी पूनम को लेने के लिए राजकीय बाल संरक्षण गृह आगे आया और जच्चा-बच्चा विभाग में सभी नर्स और डॉक्टर इकट्‌ठा हुए और बेबी पूनम को राजकीय बाल संरक्षण गृह के लिए विदा किया। इस दौरान नर्स और डॉक्टरों की आंखें नम हो गई। सभी ने बेबी पूनम को लारदुलार करते हुए उसे विदाई दी।

दंपति अपने नवजात को अस्पताल में छोड़कर गायब हुई
बता दें कि19 सितंबर 2023 को कानपुर देहात के रनियां निवासी जगदीश की पत्नी पूनम ने ऑपरेशन से एक बेटी को जन्म दिया था। उस दौरान नवजात का वजन डेढ़ किलो था। डॉक्टरों ने उसे आईसीयू में रखा था। मां पूनम को जनरल वार्ड में शिफ्ट किया था। बेटी के जन्म के तीसरे ही दिन दंपती अस्पताल से चुपचाप भाग निकले। इसके बाद से बच्ची का पूरी इलाज से लेकर खाने पीने तक का खर्च अस्पताल की नर्स और डॉक्टर उठा रहे थे। दंपती के अचानक से अस्पताल से गायब होने पर हड़कंप मच गया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने अपनी एक टीम उस पते पर भेजी, जब टीम वहां पहुंची तो पता चला इस नाम का कोई भी यहां नहीं रहता है।

बच्ची को नौ माह बाद बाल संरक्षण गृह भिजवाया गया
वहीं बच्ची के ठीक होने के बाद अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. आरके सिंह लगातार जिलाधिकारी को पत्र लिखकर उसे बाल संरक्षण गृह भिजवाने को कह रहे थे। इसके बाद प्रशासन ने इसका संज्ञान लिया और शुक्रवार को प्रक्रिया को पूरा किया। बच्ची की विदाई के समय कानपुर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला, डॉ. आरके सिंह, डॉ. अरुण आर्या, डॉ. विनय कटियार समेत अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

Also Read