Kanpur News : पुराने कांग्रेसियों ने नगर अध्यक्ष के खिलाफ खोला मोर्चा, लखनऊ में डाला डेरा, अजय राय से की मुलाकात

UPT | कांग्रेस

Jul 07, 2024 00:53

लोकसभा चुनाव के बाद शहर कांग्रेस कमेटी में घमासान मचा हुआ है। पुराने कांग्रेसियों ने नगर अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेसियों का एक प्रतिनिधी मंडल लखनऊ पहुंचा। उसने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से मुलाकात कर नगर अध्यक्ष को हटाने की मांग की है। 

Kanpur News : लोकसभा चुनाव के बाद शहर कांग्रेस कमेटी में घमासान मचा हुआ है। संगठन के अंदर का आपसी टकराव खुलकर सामने आ गया है। पुराने कांग्रेसियों ने नगर अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। असंतुष्ट पुराने कांग्रेसियों ने लखनऊ में डेरा डाल दिया। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से मुलाकात कर नगर अध्यक्ष बदलने की मांग की। वहीं, नगर अध्यक्ष का कहना है कि पिछले चुनावों के मुकाबले कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर रहा है। इसके साथ ही वोट प्रतिशत भी बढ़ा है।

कानपुर लोकसभा सीट इंडिया गठबंधन प्रत्याशी आलोक मिश्रा भले ना जीत पाए हों। लेकिन तीन विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी प्रत्याशी से आगे रहे हैं। लोकसभा चुनाव में हार-जीत का अंतर भी लगभग 20 हजार वोटों का रहा है। लोकसभा चुनाव के बाद पुराने कांग्रेसी एकजुट होने लगे हैं। गठबंधन प्रत्याशी की हार को लेकर नगर अध्यक्ष को घेरने लगे हैं।

गठबंधन प्रत्याशी हारे या हराए गए इसकी समीक्षा हो
पूर्व विधायक और कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष भूधर नारायण मिश्रा के नेतृत्व में अतहर नईम, हरप्रकाश अग्निहोत्री समेत कई पुराने कांग्रेसी लखनऊ पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से मुलाकात की। भूधर नारायण मिश्रा ने उनको पत्र सौंप कर कहा कि गठबंधन प्रत्याशी हार गए गए या फिर हराए गए। संगठन स्तर पर इसकी समीक्षा होनी चाहिए। वहीं, नगर अध्यक्ष इसकी समीक्षा नहीं करना चाहते हैं।

कांग्रेस ने तीन विधानसभा क्षेत्रों में बनाई बढ़त
पुराने कांग्रेसियों ने प्रदेश अध्यक्ष से मांग की है कि कानपुर में जुझारू, संघर्षशील और हर समय सेवा में रहने वाला अध्यक्ष बनाएं। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी ने भी मोर्चा खोलने वाले कांग्रेसियों को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने एतिहासिक वोट हासिल किए हैं। बीजेपी दो विधानसभा क्षेत्र में ही बढ़त बना पाई है। यह कांग्रेस और कांग्रेस के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है। जो लोग आरोप लगा रहे हैं, उनकी कितनी मेहनत रही। इसकी बात की समीक्षा होनी चाहिए। 

Also Read