Etawah News: इटावा में दबंगों ने बेटे पर किया लाठी—डंडे से हमला, बचाने पहुंची मां को पीट—पीट कर उतारा मौत के घाट

UPT | काल्पनिक तस्वीर

May 21, 2024 14:08

इटावा में दबंगों ने बुजुर्ग महिला की पीट—पीट कर हत्या कर दी। दबंग बुजुर्ग महिला के बेटे को पीट रहे थे। बेटे को पिटता देख महिला उसे बचाने गई थी। इस दौरान दबंगों ने उसको पीट—पीट कर मौत के घाट उतार दिया।

Etawah News: यूपी के इटावा से एक खौफनाक घटना प्रकाश में आई है। गांव में दबंग एक युवक को लाठी—डंडे से पीट रहे थे। बेटे को पिटता देख मां उसे बचाने पहुंच गई। दबंगों ने बुजुर्ग मां को भी नहीं छोड़ा। उसकी पीट—पीट कर हत्या कर दी। इस घटना में स्थानीय पुलिस की सबसे बड़ी लापरवाही सामने आई है। फिलहाल हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

ऊसराहार थाना क्षेत्र स्थित मामन गांव निवासी राजबहादुर चौहान ने मकान की दीवार बनवाई थी। दीवार में कई स्थानों पर छेद थे। राजबहादुर ने उन छेदों को ईंटों से बंद कर दिया था। रविवार शाम दीवार की दूसरी तरफ रहने वाले विनोद कुमार और सोनू ने दीवार के छेदों से ईंटों को हटा दिया। राजबहादुर की पत्नी गुड्डी ने इसका विरोध किया, तो दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हो गई।

पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
विनोद ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजबहादुर, पत्नी गुड्डी और बहन सीमा को लाठी—डंडों से पीटकर घायल कर दिया था। लहुलुहान हालत में तीनों थाने पहुंचे, और पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस उल्टा राजबहादुर को हड़काने लगी। वहीं घायल पत्नी और बहन को सीएचसी भेजकर प्राथमिक उपचार करा दिया। इसके बाद सभी को घर वापस लौटा दिया। लेकिन पुलिस ने किसी तरह की कार्रवाई नहीं की।

दबंगों ने बुजुर्ग महिला को पीटा
सोमवार को राजबहादुर किसी काम से जा रहे थे। घर से बाहर निकलते ही रास्ते में विनोद और सोनू ने घेर लिया। दबंग कहने लगे कि पुलिस से शिकायत करने के बाद भी क्या कर लिया। इसके बाद राजबहादुर पर लाठी—डंडे से हमला कर दिया। राजबहादुर की मां समुद्री देवी बेटे को बचाने पहुंची, दबंगों ने उन्हें भी पीटना शुरू कर दिया। जिसमें समुद्री देवी की मौत हो गई। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
 

Also Read