फर्रुखाबाद रेल दुर्घटना में बड़ा खुलासा : सोशल मीडिया पर मशहूर होने के लिए किया खतरनाक प्रयास, किसान नेता का बेटा और साथी गिरफ्तार

UPT |  पुलिस ने दो युवकों को ट्रेन पटरी से उतारने के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया

Aug 28, 2024 11:28

फर्रुखाबाद में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है।  पुलिस ने दो युवकों को ट्रेन पटरी से उतारने के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह घटना भटासा स्टेशन के पास हुई, जहां आरोपियों ने कथित तौर पर रेल पटरी पर एक बड़ा लकड़ी का लट्ठा रख दिया था।

Farrukhabad News : उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है।  पुलिस ने दो युवकों को ट्रेन पटरी से उतारने के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह घटना भटासा स्टेशन के पास हुई, जहां आरोपियों ने कथित तौर पर रेल पटरी पर एक बड़ा लकड़ी का लट्ठा रख दिया था। दोनों युवकों ने पुलिस को बताया कि वे ट्रेन पलटकर मशहूर होना चाहते थे। 
 
ये था मामला
शुक्रवार रात लगभग 11:15 बजे, कासगंज-फर्रुखाबाद रेल मार्ग पर एक स्पेशल पैसेंजर ट्रेन (संख्या 05389) के सामने एक बड़ा लकड़ी का टुकड़ा रखा गया था। चालक की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना भटासा स्टेशन के पास किलोमीटर संख्या 160 पर हुई।

जांच के बाद हुई गिरफ्तारी 
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान देव सिंह और मोहन कुमार उर्फ मोंटी कश्यप के रूप में हुई है। दोनों आरोपी अरियारा गांव के रहने वाले हैं और एक स्थानीय किसान संगठन के नेता के बेटे हैं।

आरोपियों ने कबूला गुनाह
पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने रात लगभग 10 बजे घटनास्थल पर पहुंचकर यह कृत्य किया। उन्होंने एक नजदीकी आम के बाग से लकड़ी का एक बड़ा टुकड़ा लेकर उसे रेल पटरी पर रख दिया। उनका मुख्य उद्देश्य ट्रेन को पटरी से उतारकर सुर्खियों में आना था।

दोनों आरोपियों के केस दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) थाने और कोतवाली कायमगंज में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। आरोपियों पर यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने और ट्रेन संचालन में बाधा डालने के आरोप लगाए गए हैं।दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Also Read