Kannauj News : महिला सहायक बैंक प्रबंधक ने लगाई फांसी, परिजनों ने सहकर्मी पर लगाया हत्या का आरोप

सोशल मीडिया | प्रतीकात्मक फोटो

Feb 18, 2024 21:16

उत्तर प्रदेश के कन्नौज से एक खौफनाक घटना सामने आई है। आर्यावर्त ग्रामीण बैंक की सिटी ब्रांच में सहायक बैंक प्रबंधक के पद पर कार्यरत महिला कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

Kannauj News : उत्तर प्रदेश के कन्नौज से एक खौफनाक घटना सामने आई है। आर्यावर्त ग्रामीण बैंक की सिटी ब्रांच में सहायक बैंक प्रबंधक के पद पर कार्यरत महिला कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बेटी की मौत की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने सहकर्मी पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। मृतक महिलाकर्मी बैंक में काम करने वाले सहकर्मी से शादी करना चाहती थी। पुलिस सहकर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

कानपुर की रहने वाली थी मृतका
जानकारी के अनुसार, कन्नौज के आर्यावर्त ग्रामीण बैंक की सिटी शाखा में सहायक बैंक प्रबंधक पर कार्यरत 27 वर्षीय सोनिया मूलरूप से कानपुर के बिल्हौर स्थित खाड़ामऊ पुरवा गांव की रहने वाली थीं। सोनिया कन्नौज में पुलिस लाइन रोड के पास काजीटोला मुहल्ला में अब्दुल जब्बार के मकान में किराये पर रहती थीं। शनिवार रात संदिग्ध हालात में सोनिया का शव कमरे में मिला था।

सहकर्मी ने फंदे से उतारा
सोनिया के परिजनों का कहना है कि बेटी बैंक में काम करने वाले एक सहकर्मी से शादी करना चाहती थी। परिवार भी शादी के लिए तैयार हो गया था। मकान मालिक और पुलिस ने घटना की जानकारी दी। हम लोग जब अस्पताल पहुंचे, तो बेटी मृत हालत में मिली। जब हम लोग अस्पताल पहुंचे, तो पता चला कि सहकर्मी बेटी को फंदे से उतारकर अस्पताल ले गया था। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

वीडियो आया सामने
सोनिया की मौत से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो सोनिया के रूम का बताया जा रहा है। जिसमें सोनिया का शव फंदे से लटका हुआ है। एक युवक उसे बचाने की कोशिश कर रहा है। बताया जा रहा है कि यह वही युवक है, जो सोनिया के साथ बैंक में काम करता है। उसने सोनिया को फांसी के फंदे से उतार कर अस्पताल ले गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

भाई ने लगाए गंभीर आरोप
सोनिया के भाई का आरोप है कि युवक के कई लड़कियों से संबंध थे। इसके साथ ही उसकी शादी भी तय हो गई थी। जिसकी जानकारी बहन को हुई, तो दोनों के बीच झगड़ा हुआ। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Also Read