इरफान सोलंकी बोले- इंसाफ अभी बाकी : अपने चिरपरिचित अंदाज में दिखे पूर्व विधायक, रंगदारी मामले में होंगे आरोप तय

UPT | इरफान सोलंकी

Aug 07, 2024 16:01

कानपुर की सीसामऊ विधानसभा सीट से विधायक रहे इरफान सोलंकी की रंगदारी मामले में कोर्ट में पेशी थी। इरफान और उनके गुर्गों पर आरोप तय होने थे। उन्हे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच महाराजगंज जेल से कानपुर कोर्ट लाया गया। 

Kanpur News: यूपी के कानपुर से सपा विधायक रहे इरफान सोलंकी कानूनी दांवपेच में फंसते जा रहे है। बुधवार को रंगदारी मामले में इरफान सोलंकी की एमपीएलएमए कोर्ट में पेशी थी। इरफान एक बार फिर अपने पुराने चिरपरिचित अंदाज में दिखे। पुलिस के वाहन से नीचे उतरते ही इरफान ने अपने समर्थकों और मीडिया कर्मियों को हाथ हिलाकर अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि इंसाफ अभी बाकी है। इसके बाद मुस्कुराते हुए कचहरी परिसर के अंदर चले गए।

जाजमऊ आगजनी मामले में सजा पाने के बाद इरफान पहली बार कानपुर कोर्ट पहुंचे थे। उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच महाराजगंज जेल से कानपुर कोर्ट लाया गया। पेशी के दौरान कचहरी परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। इरफान और पुलिस कर्मियों के साथ अधिवक्ताओं को अंदर जाने की इजाजत थी। इसके आलावा किसी और को एंट्री नहीं दी गई।

बुधवार को इरफान सोलंकी पर रंगदारी मामले में आरोप तय होने थे। रंगदारी मामले में पूर्व विधायक इरफान सोलंकी, उनके भाई रिजवान सोलंकी और उनके गुर्गों पर आरोप तय किए जाएंगे। जबकि जाजमऊ आगजनी मामले में इरफान उनके भाई रिजवान समेत पांच आरोपियों को सात साल की सजा सुनाई गई थी।
 

Also Read