Kannauj Rape Case : नवाब सिंह के साथ रेप पीड़िता के भी लिए गए डीएनए टेस्ट के सैंपल, अब बेनकाब होंगे आरोपी

UPT | नवाब सिंह

Aug 17, 2024 22:23

कन्नौज रेप कांड में आने वाले दिनों में कई बड़े राज खुल सकते हैं। सबसे खास होगी कि आरोपी और पीड़िता की डीएनए रिपोर्ट। जिसका इंतजार पुलिस समेत दोनों पक्षों को है। वहीं, शनिवार को नवाब सिंह की जमानत अर्जी पर भी सुनवाई होनी है।

Kannauj News : यूपी के कन्नौज रेप कांड के आरोपी नवाब सिंह का शुक्रवार को डीएनए टेस्ट के लिए सैंपल लिए गए। इसके साथ ही दुष्कर्म पीड़िता का भी डीएनए टेस्ट होगा। जिला अस्पताल में पीड़िता के ब्लड का सैंपल लिया गया। दोनों के सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजे गए हैं। अब खून का एक-एक कतरा साबित करेगा कि कौन गुनाहगार है और कौन बेगुनाह। कन्नौज में वादी और प्रतिवादी के बीच सबूतों की जंग चल रही है।

पुलिस ने कोर्ट में आरोपी के डीएनए टेस्ट के लिए अर्जी दी थी। बचाव पक्ष के वकील ने नवाब सिंह की रजामंदी जानने के लिए कहा। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए आरोपी नवाब सिंह ने डीएनए टेस्ट के लिए हामी भर दी। इसके बाद सीएमओ की तरफ से गठित टीम ने जिला जेल पहुंचकर आरोपी के डीएनए टेस्ट के लिए ब्लड का सैंपल लिया।

पीड़िता के भी लिए गए सैंपल
पुलिस अपनी जांच पूरी में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली नाबालिग पीड़िता की भी डीएनए जांच होगी। शुक्रवार शाम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उसके ब्लड का सैंपल लिया गया। इस दौरान पीड़िता के माता-पिता भी मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपी और नाबालिग दोनों के सैंपल लिए लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।

आठ से दस दिन में आएगी रिपोर्ट
फोरेंसिक लैब में डीएनए टेस्ट के एक सैंपल की जांच में आठ से दस दिन का समय लगता है। यह फोरेंसिक लैब में पहले से जमा नमूनों की संख्या पर भी निर्भर करता है। किसी खास मामले में पुलिस की ठोस पैरवी से इसमें समय कम भी लग सकता है। सीएमओ डॉ विनोद कुमार के मुताबिक फोरेंसिक लैब में पहले से इस तरह की जांच के लिए कितने सैंपल जमा हैं। इसी पर जांच का समय निर्भर करता है। 

Also Read