हाफ एनकाउंटर : कन्नौज पुलिस ने 50 हजार के ईनामी बदमाश को मुठभेड़ में दबोचा, इत्र कारोबारी के घर डाली थी डकैती

UPT | जांच करते एसपी

Sep 23, 2024 16:25

कन्नौज पुलिस ने 50 हजार के ईनामी बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। राजन पारदी ने एक साल पहले इत्र कारोबारी के घर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। राजन लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था।

Kannauj News : यूपी की कन्नौज पुलिस ने सोमवार सुबह एक 50 हजार के ईनामी बदमाश को मुठभेड़ में दबोचा है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजन पारदी नाम के बदमाश ने एक साल पहले इत्र कारोबारी के घर डकैती डाली थी। पिछले एक साल से राजन लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस ने शातिर बदमाश पर 50 हजार का ईनाम घोषित किया था।

कन्नौज के बड़े इत्र कारोबारी विमलेश तिवारी का मकरंद नगर काली देवी मंदिर के पास आवास है। बीते 29 जून 2023 की रात विमलेश के घर पर डकैती पड़ी थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर डकैतों की संख्या 09 से 10 के आसपास थी। डकैतों ने विमलेश की पत्नी अंजू और तीन बच्चों को बंधक बना लिया था। पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को अरेस्ट कर जेल भेज दिया था। लेकिन राजन पारदी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ रहा था।

पुलिस को मूवमेंट की मिली थी जानकारी 
पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि राजन पारदी का मूवमेंट कन्नौज और आसपास के क्षेत्रों में है। एसपी अमित कुमार आनंद ने कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीमों को सक्रिय कर दिया था। जलालपुर पनवारा के पास गस्त के दौरान एक सादिग्ध युवक पुलिस को दिखा। पुलिस ने युवक से रुकने के लिए कहा तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी में राजन के पैर में गोली लगी है।



अन्य फरार बदमाशों की तलाश जारी 
एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि मुठभेड़ में घायल आरोपी को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। राजन अपने पुराने साथियों से जेल में मिलने के लिए कन्नौज आया था। राजन पारदी मूलरूप से मध्यप्रदेश के गुना जिले का रहने वाला है। वरदात को अंजाम देने के बाद वह महाराष्ट्र और औरंगाबाद में छिपा था। अब पुलिस उसकी गिरफ्तारी के बाद अन्य बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

Also Read