Lucknow News : अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आप कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

UPT | अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के प्रदर्शन करते आप कार्यकर्ता

Jun 29, 2024 23:23

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकताओं ने प्रदर्शन किया।

Short Highlights
  • कार्यकताओं ने की दिल्ली के सीएम की रिहाई की मांग
  • पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को ईको गार्डन भेजा
Lucknow News : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में महिला कार्यकर्ता भी शामिल रहीं। पार्टी मुख्यालय पर एकत्र हुए कार्यकताओं ने केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने शांति बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और ईको गार्डन भेज दिया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियां सत्ता के इशारे पर काम कर रही हैं। उन्होंने दिल्ली के अरविंद केजरीवाल की रिहाई की मांग की। 

केजरीवाल को फर्जी मुकदमे में फंसाने की कोशिश
आम आदमी पार्टी यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष पंकज अवाना ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने वाली थी, तभी सरकार के इशारे पर सीबीआई से उन्हें गिरफ्तार करा लिया। भाजपा, आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहती है। इसलिए केजरीवाल पर फर्जी मुकदमे लगाकर फंसाने की कोशिश कर रही है। अवाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। पार्टी का संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक अरविंद केजरीवाल को रिहा नहीं किया जाता।

सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
गोमतीनगर स्थित पार्टी मुख्यालय पर सुबह बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता और नेता एकजुट हुए। वहां से हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर केन्द्र सरकार के​ खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर निकल आए। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। कार्यकर्ता भाजपा मुख्यालय का घेराव करने के लिए बढ़े तो पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर को रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए और केन्द्र सरकार के​ खिलाफ नारेबाजी की। सड़क पर जाम लगने से वाहनों का आवागमन रूक गया। इस पर पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।

Also Read