हरियाणा में गठबंधन नहीं होने पर अब यूपी में कांग्रेस को झटका दे सकती है सपा : उपचुनाव में सीटों को लेकर अजय राय ने कही ये बात

UPT | Ajay Rai

Sep 16, 2024 14:51

अजय राय ने कहा कि अयोध्या मामले में न्याय दिलाने का काम न्यायपालिका का है। हमारा काम पीड़ित परिवार को ताकत देना, बल देना है। अनुसूचित जाति की गरीब बिटिया के साथ इतने लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया, ऐसे वक्त में कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। राम जन्म भूमि परिसर में सफाई कर्मी का काम करने वाली गरीब परिवार की बिटिया तक को इन लोगों ने नहीं छोड़ा।

Lucknow News : कांग्रेस ने अयोध्या में राम मंदिर में सफाई कर्मी के रूप में काम करने वाली 20 वर्षीय युवती के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में एक बार फिर प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सोमवार को पीड़ित परिवार से मिलने अयोध्या रवाना हुए। इससे पहले उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने अयोध्या में जमीन पर कब्जा करने से लेकर भ्रष्टाचार तो किया ही, अब वहां इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने उपचुनाव में कांग्रेस के पांच सीटों पर एक बार फिर दावेदारी की बात कही। हरियाणा विधानसभा में जिस तरह से कांग्रेस ने सपा को एक भी सीट नहीं दी, उसके बाद माना जा रहा है कि यूपी में दोनों दलों के बीच मामला बिगड़ सकता है।

अयोध्या में कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ
अजय राय ने कहा कि अयोध्या मामले में न्याय दिलाने का काम न्यायपालिका का है। हमारा काम पीड़ित परिवार को ताकत देना, बल देना है। अनुसूचित जाति की गरीब बिटिया के साथ इतने लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया, ऐसे वक्त में कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। राम जन्म भूमि परिसर में सफाई कर्मी का काम करने वाली गरीब परिवार की बिटिया तक को इन लोगों ने नहीं छोड़ा। भाजपा सरकार ने अयोध्या में चोरी, बेईमानी और भ्रष्टाचार तो किया ही है, साथ में जिस तरह से वहां व्यभिचार हो रहा है, वह बेहद दुखद और शर्म की बात है। अजय राय ने कहा कि महिला कांग्रेस के साथ हमारी पूरी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ है। जहां भी, जिस तरह से उन्हें हमारी जरूरत होगी, हम उनके साथ खड़े हैं।

सुलतानपुर एनकाउंटर में सुप्रीम कोर्ट तक करेंगे पीड़ित परिवार की मदद  
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सुलतानपुर में मंगेश यादव एनकाउंटर के पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी तक नहीं मिलने के पीड़ित परिवार के आरोप पर कहा कि कांग्रेस पहले दिन से कह रही है कि फर्जी एनकाउंटर किया गया है। एक युवा की हत्या की गई है।  हम शुरुआत से ही इस मुद्दे को उठा रहे हैं और मंगेश के घर भी गए थे। कांग्रेस ने अपने स्तर पर पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद भी की। हम पूरे तरीके से उनके साथ खड़े हैं। जहां भी आवश्यकता होगी वहां पर न्यायपालिका में लोअर कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक कांग्रेस का एक-एक साथी उनके साथ खड़ा रहेगा। हमारी लीगल टीम उनकी मदद करेगी।

राहुल गांधी पर इसलिए टिप्पणी कर रहे भाजपा नेता ​
भाजपा के राहुल गांधी पर अपमानजनक टिप्पणी को लेकर अजय राय ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि ये उन लोगों का फ्रस्ट्रेशन और पागलपन है। यह भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की मानसिकता जाहिर करती है कि ये लोग किस हद तक पागल हो चुके हैं। ये लोग वास्तव में राहुल गांधी से परेशान हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक देशभक्त हैं और संत के रूप में उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित किया है। उन्होंने अपने पिता, दादी को खोया है। जिस तरह से भाजप के लोग उनके बारे में अनर्गल टिप्पणी कर रहे हैं, जनता निश्चित तौर पर इसे देख रही है। जनता का राहुल गांधी पर विश्वास और बढ़ता जा रहा है।  

उपचुनाव में इन सीटों पर किया दावा
प्रदेश में ​विधानसभा उपचुनाव को लेकर अजय राय ने कहा कि जिन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होगा, उनमें पांच समाजवादी पार्टी के खाते में थी, जबकि पांच पर भाजपा और उसके सहयोगी दलों का कब्जा था। जो सीटें भाजपा और उसके सहयोगी दलों के पास थी, उस पर हमने अपना दावा किया है। इन पांच सीटों पर हम लोग काम कर रहे हैं। इस पर उम्मीदवार उताने का प्रस्ताव हम लोगों ने केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया है। जिन सीटों पर सपा का कब्जा था, वहां पर उनकी जीत सुनिश्चित करने में कांग्रेस पार्टी पूरी मदद करेगी। इस तरह सभी दस सीटों पर जीत दर्ज कर हम लोग भाजपा को जमींदोज करेंगे। हालांकि अजय राय के दावे के बीच समाजवादी पार्टी अब बदली हुई परिस्थितियों में सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का निर्णय कर सकती है।

मध्य प्रदेश के बाद हरियाणा में कांग्रेस ने दिया झटका
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद हरियाणा में भी कांग्रेस ने शुरुआत में सपा को सीटें देने के लिए हामी भरने के बाद स्थानीय नेतृत्व के दबाव में अपना फैसला बदल दिया। सपा को गठबंधन में एक भी सीट नहीं दी गई है। इसके पीछे दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने तर्क दिया है कि हरियाणा में सपा का कोई जनाधार नहीं है। प्रदेश स्तर पर दोनों दलों के बीच कोई गठबंधन नहीं है। सपा को इस फैसले से झटका लगा है। हालांकि पार्टी ने गठबंधन धर्म निभाते हुए कहा है कि समाजवादी पार्टी अपने मूल्यों व सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों को सहयोग व समर्थन करेगी क्योंकि पार्टी नहीं चाहती कि सत्ताधारी भाजपा के खिलाफ वोटों का बिखराब हो। इसके बाद माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में भी सपा इसी तरह कांग्रेस को झटका दे सकती है। अखिलेश यादव ने फिलहाल इस मामले में स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा है।

इन 10 सीटों पर होगा उपचुनाव
प्रदेश में विधानसभा की जिन 10 सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनमें अलीगढ़ जिले की खैर, अयोध्या की मिल्कीपुर, अंबेडकरनगर की कटेहरी, मुजफ्फरनगर की मीरापुर, कानपुर नगर की सीसामऊ, प्रयागराज की फूलपुर, गाजियाबाद की गाजियाबाद, मीरजापुर की मझवां, मुरादाबाद की कुंदरकी और मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट शामिल है। इनमें से पांच सीटें करहल, सीसामऊ, मिल्कीपुर, कटेहरी और कुंदरकी सपा के पास थीं। जबकि, खैर, गाजियाबाद व फूलपुर भाजपा के पास, मझवा सीट निषाद पार्टी और मीरापुर से राष्ट्रीय लोकदल ने जीत दर्ज की थी।

Also Read