दुनिया के लिए यूपी कृषि का पावर हाउस : मुख्य सचिव बोले- आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से किसान हो रहे सशक्त

UPT | एगटेक स्टार्टअप शिखर सम्मेलन।

Sep 06, 2024 01:38

मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सिर्फ भारत के लिए ही नहीं, बल्कि दुनिया के लिए कृषि का पावर हाउस है। प्रदेश सरकार आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से किसानों को सशक्त बना रही है।

Short Highlights
  • मोनिका गर्ग ने कहा-किसानों की आय दोगुना करने का प्रयास कर रही यूपी सरकार
  • एगटेक स्टार्टअप शिखर सम्मेलन में विजन डॉक्यूमेंट फॉर एगटेक का शुभारंभ
Lucknow News : राजधानी के एक निजी होटल में बृहस्पतिवार को इंटरनेशनल फाइनेंस कॉर्पोरेशन (आईएफसी) के सहयोग से यूरोपीय यूनियन और गूगल के साथ साझेदारी में एग-टेक स्टार्ट-अप शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के लिए कृषि का पावर हाउस है। प्रदेश सरकार आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से किसानों को सशक्त बना रही है। उन्होंने कहा कि कृषि को प्रभावित करने वाली दो महत्वपूर्ण चीजें हैं। वेदर और प्राइसिंग। इन दोनों से किसानों और कृषि को निजात दिलाने के लिए आईएफसी और वर्ल्ड बैंक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

किसानों की समस्या का होगा समाधान 
मुख्य सचिव ने सम्मेलन मे 'विजन डॉक्यूमेंट फॉर एगटेक' का शुभारंभ करने के बाद कहा कि इस युग में टेक्नोलॉजी और डिजिटल तकनीक का उपयोग बहुत महत्वपूर्ण है। कृषि विभाग और यूपी सरकार ने विगत कुछ वर्षों से इस इनीशिएटिव को आगे बढ़ाया है। इसमें किसानों के जीवन के साथ-साथ कृषि में सकारात्मक बदलाव करने की क्षमता है। एगटेक इसमें मददगार होगा। यह किसानों की तमाम तरह की समस्याओं का समाधान करेगा, जैसे किसानों को कम पैसे में पूरा क्रेडिट मिल जाए। प्रत्येक किसान को उसके उत्पादन की अधिक से अधिक कीमत मिले। 

प्राइवेट सेक्टर के साथ साझेदारी पर फोकस  
इस दौरान कृषि उत्पादन आयुक्त मोनिका गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय को दोगुना करने का प्रयास कर रही है। यूपी पहले ही एग्रीस्टैक के साथ डिजिटल कृषि के क्षेत्र में प्रवेश कर चुका है। केन्द्र सरकार ने डिजिटल कृषि को लेकर सॉइल हेल्थ टेस्टिंग समेत कई प्रस्तावों की घोषणा की है। इसको देखते हुए हम प्राइवेट सेक्टर के साथ और अधिक साझेदारी पर फोकस कर रहे हैं। 

भारत में करीब 9 बिलियन डॉलर का निवेश 
आईएफसी की कंट्री मैनेजर भारत एवं मालदीव वेंडी वर्नर ने कहा कि उत्तर प्रदेश एग्रीकल्चर के क्षेत्र में काफी अच्छा कर रहा है और इसमें काफी पोटेंशियल है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए यूपी में एक साथ काम कर रहे हैं कि प्राइवेट सेक्टर इनोवेटिव सॉल्यूशंस का एक महत्वपूर्ण माध्यम हो सकता है। हमने भारत में करीब 9 बिलियन डॉलर का निवेश किया है। 

प्रदर्शनी का होगा आयोजन 
सम्मेलन मुख्य उद्देश्य कृषि को आधुनिक बनाने वाली पहलों का प्रदर्शन और राज्य में कृषि के भविष्य पर चर्चा करना है। इसमें स्टार्टअप्स की एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें बुआई से लेकर कटाई के बाद के समाधान और नवाचारी बाजार तक पहुंच के समाधान शामिल होंगे। साथ ही देश भर के 25 से अधिक एग टेक्स, नीति निर्माता, निवेशक, शिक्षा जगत के प्रतिनिधि और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों जैसे पारिस्थितिकी तंत्र निर्माताओं के साथ मिलकर कृषि आय और स्थिरता को बढ़ाने के लिए अनुकूलित प्रौद्योगिकियों और समाधानों के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे।

Also Read