अखिलेश यादव का बड़ा बयान : भाजपा के आंतरिक सर्वे में मिल्कीपुर सीट पर हार का खुलासा, बहराइच की घटना प्रशासन-शासन की नाकामी

UPT | Akhilesh yadav

Oct 17, 2024 12:20

अखिलेश यादव ने बहराइच की घटना को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये सीधे तौर पर प्रशासन और शासन का फेल्यर है। जो लोग जीरो टॉलरेंस की बात करते थे और कहते थे कि हर आयोजन को हम शांतिपूर्ण ढंग से करते हैं, उन्हें इतने बड़े आयोजन के दौरन स्थिति की जानकारी क्यों नहीं थी।

Lucknow News : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा पर उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित नहीं किए जाने पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के आंतरिक सर्वे में इस बात का खुलासा हुआ कि पार्टी मिल्कीपुर से हार रही है। इसलिए ये सब किया गया। उन्होंने कहा कि साजिश के तहत पहले सरकार ने मिल्कीपुर के बीएलओ हटाए। इसके बाद पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) से संबंधित अधिकारियों को हटाया गया। इतना सब करने के बाद भी उनके आंतरिक सर्वे में हार की बात सामने आई। 

सीएम योगी की इंटेलिजेंस रिपोर्ट में भी हार का दावा
सपा अध्यक्ष ने गुरुवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद कहा कि मुख्यमंत्री कई बार गए अयोध्या गए। प्रशासन के लोगों को बुलाकर राय मशविरा किया गया। इंटेलिजेंस से रिपोर्ट ली गई, जब उन्हें पता लग गया कि वह चुनाव हार रहे हैं, तो इस तरह का खेल किया गया। अब अपनी बदनामी बचाने के लिए कोर्ट और इलेक्शन कमीशन का चक्कर लगा रहे हैं, जिससे वहां चुनाव हो जाए। अगर दो दिनों में वहां काम नहीं कर पाए तो वहां चुनाव नहीं हो पाएगा।



बहराइच के माहौल की प्रशासन को क्यों नहीं थी जानकारी
अखिलेश यादव ने बहराइच की घटना को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये सीधे तौर पर प्रशासन और शासन का फेल्यर है। जो लोग जीरो टॉलरेंस की बात करते थे और कहते थे कि हर आयोजन को हम शांतिपूर्ण ढंग से करते हैं, उन्हें इतने बड़े आयोजन के दौरन स्थिति की जानकारी क्यों नहीं थी। पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था क्यों नहीं गई। आखिर प्रशासन को क्यों नता पता चला कि वहां कैसा माहौल है। इसलिए घटना की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की है। अब प्रशासन और शासन मिलकर अन्याय कर रहा है।

भाजपा को समाज में नफरत फैलाने से फुर्सत नहीं
सपा अध्यक्ष ने कहा कि वास्तव में भाजपा को समाज में नफरत फैलाने में फुर्सत नहीं है। इनका आठ साल का कार्यकाल इसी तरह का रहा है। इसमें इन्होंने तोड़फोड़, बुलडोजर चलाकर और पुलिस प्रशासन के जरिए सिर्फ अन्याय किया। अब इनके जाने के दिन हैं। अब ज्यादा समय सरकार के पास नहीं है। जितने दिन मुख्यमंत्री रहे हैं, अब उससे बहुत कम दिन बचे हैं। यह अब जाने वाले हैं इसलिए इनसे किस तरह की उम्मीद की जा सकती है।

समाज में भेदभाव खत्म करने का संकल्प
अखिलेश यादव ने रामायण के रचियता महर्षि वालमीकी को नमन करते हुए कहा कि समाज में उनका बेहद सम्मान है और भगवान का दर्जा है। जो रामायण उन्होंने लिखी और राम राज्य की कल्पना की, आज वाल्मीकी जयंती के दिन उनसे प्रेरणा लेते हुए हम यही संकल्प लेते हैं कि समाज में भेदभाव खत्म हो और समय समय पर जो ऊंच नीच पैदा होती है, उसको समाप्त किया जाए। जो नफरत फैलती है, वह खत्म हो।

सामाजिक न्याय के राम राज्य संभव नहीं 
सपा अध्यक्ष ने कहा कि बिना सामाजिक न्याय के राम राज्य संभव नहीं है। सामाजिक न्याय के रास्ते पर चलकर हम उन्हें याद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में वाल्मीकी समाज को सम्मान और उनका हक नहीं मिल रहा है। सपा सरकार में उनके हित और सम्मान के लिए कदम उठाए जाएंगे। उन्हें सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। जिस तरह नेताजी ने और समाजवादी पार्टी ने वाल्मीकि जयंती पर छुट्टी की थी, उसे लेकर सपा सरकार में कदम उठाया जाएगा।

महाराष्ट्र में ज्यादा सीटों पर दावा, यूपी उपचुनाव को लेकर कांग्रेस से बात
सपा अध्यक्ष ने कहा कि वह कल शुक्रवार को महाराष्ट्र जा रहे हैं। उन्होंने कहा ​कि वहां इंडिया गठबंधन जीते इस पर जोर है। हमारी कोशिश होगी कि हम इंडिया गठबंधन के साथ चुनाव लड़ें। हमने सीटें मांगी हैं और हमको उम्मीद है कि जहां हमारे दो विधायक थे वह हमें ज्यादा सीटें देंगे। हम वहां पर मजबूती से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ उत्तर प्रदेश में गठबंधन को लेकर जल्दी तय हो जाएगा कि हम कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना है। राजनीति में साथ आना साथ काम करना यह बहुत अच्छी परंपरा है। 

जम्मू कश्मीर को मिले पूर्ण राज्य का दर्जा
अखिलेश यादव ने कहा कि जम्मू कश्मीर में लोकतंत्र की पहली जीत हुई है। जम्मू कश्मीर को अब पूरे राज्य का दर्जा मिल जाना चाहिए। जो लोग डिवाइड एंड रूल करना चाहते हैं, वह सोच समझी साजिश के तहत समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। जिन्होंने अंग्रेजों से सीखा हो डिवाइड एंड रूल उनसे आप क्या उम्मीद कर सकते हैं।

Also Read