ऑथर Sanjay Singh

जंगलराज में राजा ले रहा आनंद और लोग परेशान : अजय राय बोले - पहली बार देखा डेढ़ साल की बच्ची को मारी गई गोली

UPT | Ajay Rai

Oct 04, 2024 14:24

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि योगी जी केवल मठ में जाते हैं। आरती पूजा की तस्वीर छपवाते हैं। हकीकत में लोग रो रहे हैं और वह आनंद ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष पर भाजपा के आईटी सेल के लोग अनाप शनाप बयानबाजी करते हैं। उनके लिए गलत शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है।

Lucknow News : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने अमेठी की घटना की निंदा करते हुए सरकार पर हमला बोला। वहीं उपचुनाव को लेकर एक बार फिर पार्टी की पूरी तैयारी का दावा किया। अजय राय ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर भाजपा आईटी सेल की तरफ गलतबयानबाजी करने का भी आरोप लगाया और कहा कि इससे पता चलता है कि इस पार्टी को क्या संस्कार हैं। 

'लड़की हूं लड़ सकती हूं' का दिखने लगा असर
अजय राय ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि इंदिरा फैलोशिप मिशन (शक्ति अभियान) कांग्रेस शुरू करने जा रही है। इसमें राज्य के प्रत्येक ब्लॉक में एक इंदिरा प्रियदर्शनी फैलो को तैयार किया जाएगा। प्रत्येक फैलो शक्ति क्लब का गठन करेगी और प्रत्येक शक्ति क्लब में सदस्य बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी देश की महिलाओं की लिए प्रेरणा स्रोत रही हैं। इसीलिए इसका नाम इंदिरा फैलोशिप रखा गया है। उन्होंने कहा कि समाज में जन सरोकार के मुद्दे पर महिलाएं काम कर रही हैं, उनको आगे लाया जा रहा है। हमारी नेता प्रियंका गांधी ने नारा दिया था कि लड़की हूं लड़ सकती हूं। इसका असर काफी दिखा। अब इस मिशन के लिए हर जनपद में हम लोग प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। सगठन के लोग गांव गांव जाकर स्ट्रक्चर खड़ा करेंगे।



अमेठी में परिवार के चार सदस्यों की हत्या पर कही ये बात
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज यूपी में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। सूबे में जंगल राज है। अमेठी में जिस तरह पूरे परिवार को मार दिया गया, ये घटना उसका ताजा प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मुझे राजनीति में 32 वर्ष हो गए। लेकिन पहली बार देख रहा हूं कि डेढ़ वर्ष की बच्ची को गोली मारी गई। पूरे परिवार को मार दिया गया। अजय राय ने कहा कि भाजपा विधायक योगेश वर्मा का बयान आता है, जिसमें वह कहते हैं कि मैं दरुआ हूं, अगर मैं पीता हूं तो सबके सामने पीता हूं। ऐसे बयान से समाज में क्या संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा समाज को किस ओर ले जाना चाहती है। इस तरह के बयानों से समाज में अमेठी जैसी वारदात होगी। उन्होंन कहा कि यूपी में पूरी तरह से जंगलराज चल रहा है। जंगलराज में जंगल का राजा आनंद ले रहा है और लोग परेशान हैं। फर्जी एनकांउटर से लेकर लोगों के घर गिराए जा रहे हैं। बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। कांग्रेस कानून व्यवस्था के खिलाफ लगातार सड़क पर है और इन चीजों का विरोध कर रही है। हमने अभी 18 मंडलों पर अपने कार्यक्रम किए। अब जिला और तहसील स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर कानून व्यवस्था पर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

लोगों को प्रताड़ित कर रही योगी सरकार
अजय राय ने कहा कि वह गुरुवार को बहराइच गए थे। वहां गरीबों के मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। प्रभावित लोगों को आवास तक नहीं दिए गए और उनके मकानों को गिरा दिया गया। योगी सरकार प्रदेश में सभी को प्रताड़ित कर रही है। भदोही से समाजवादी पार्टी के विधायक जाहिद बेग, उनकी पत्नी और बेटे पर नौकरानी को आत्महत्या के लिए उकसाने, श्रम कानून का उल्लंघन करने समेत कई गंभीर आरोप के मामले को लेकर उन्होंने कहा कि विधायक और उनके बेटे जाईम बेग को जबरन जेल भेज दिया गया है। इसी तरह अयोध्या में दुष्कर्म का आरोप लगाकर सपा नेता का घर गिरा दिया गया। बेकरी गिरा दी गईं बाद में पता चलता है कि डीएनए मैच नहीं कर रहा है।

योगीजी केवल मठ में जाकर छपवाते हैं तस्वीर
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि योगी जी केवल मठ में जाते हैं। आरती पूजा की तस्वीर छपवाते हैं। हकीकत में लोग रो रहे हैं और वह आनंद ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष पर भाजपा के आईटी सेल के लोग अनाप शनाप बयानबाजी करते हैं। उनके लिए गलत शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है। ये वह लोग हैं, जो खुद को पार्टी विद डिफरेंस वाला बताते हैं। एक अनुसूचित जाति से आने वाले नेता को लेकर इस तरह की टिप्पणी जाहिर करती है कि भाजपा की सोच कितनी खराब हो चुकी है। ये भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संस्कार हैं। 

उपचुनाव को लेकर तैयारी पूरी, केंद्रीय नेतृत्व से हरी झंडी मिलने का इंतजार
अजय राय ने यूपी में उपचुनाव को लेकर एक बार फिर कहा कि हमारी तैयारी पूरी है। हमने भाजपा और उसके सहयोगी दलों के कब्जे वाली पांच सीटों पर लड़ने का प्रस्ताव केंद्रीय नेतृत्व को भेजा है। अंतिम फैसला होने पर आगे का कदम उठाया जाएगा। 
 

Also Read