भाजपा के लिए आत्मचिंतन का वक्त : प्रमोद तिवारी ने कन्हैया मित्तल के बयान पर दी नसीहत, कहा- लोगों का हुआ मोहभंग

UPT | Pramod Tiwari

Sep 08, 2024 19:37

कन्हैया मित्तल के कांग्रेस में शामिल होने के बयान पर प्रमोद तिवारी ने भाजपा को आत्मचिंतन की नसीहत दे दी। उन्होंने कहा, वह वही हैं जिन्होंने जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे गाना गाया था। आप इससे अंदाजा लगाइए, जिनकी भावनाएं हैं, वह भाजपा से कितना निराश और कुंठाग्रस्त हैं।

Lucknow News : लोक गायक कन्हैया मित्तल के ताजा बयान को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य सभा सांसद प्रमोद तिवारी ने भाजपा पर कटाक्ष किया है। कन्हैया मित्तल अपने गाने, 'जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे' के कारण काफी सुर्खियों में रहे हैं। इसके जरिए उन्होंने भाजपा के पक्ष में चुनाव के दौरान माहौल बनाने का प्रयास किया। भाजपा नेताओं की ओर से उन्हें विभिन्न कार्यक्रमों में बुलाया गया और इस गाने की फरमाइश की गई। यूपी विधानसभा चुनाव में कन्हैया अक्सर विभिन्न मंचों पर इसे गाते नजर आए। इसके जरिए उन्होंने सीधे तौर पर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने की बात कही। अब वही कन्हैया मित्तल का भाजपा से मोहभंग हो गया है, जिसे लेकर प्रमोद तिवारी ने भाजपा पर तंज कसा है।

भाजपा से लोगों का मोहभंग
कन्हैया मित्तल के कांग्रेस में शामिल होने के बयान पर प्रमोद तिवारी ने भाजपा को आत्मचिंतन की नसीहत दे दी। उन्होंने कहा, वह वही हैं जिन्होंने जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे गाना गाया था। आप इससे अंदाजा लगाइए, जिनकी भावनाएं हैं, वह भाजपा से कितना निराश और कुंठाग्रस्त हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि जो लोग भाजपा से जुड़े थे उनका मोहभंग हो रहा है। अगर राम मंदिर पर गाना लिखने वाला व्यक्ति ही पार्टी छोड़ रहा है तो भाजपा के लिए आत्मचिंतन का समय आ गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का किया था गुणगान
कन्हैया मित्तल ने अपने बयान में कहा है कि उनका मन कांग्रेस के साथ जुड़ रहा है। सारे राम विरोधी कांग्रेस में नहीं हैं। सनातन की बात करने वाले हर दल में होने चाहिए। उन्होंने कहा कि वह कभी भाजपा में नहीं थे और उनके मशहूर गाने में भी कभी भाजपा को लाने की बात नहीं कही गई है। उन्होंने राम को लाने वाले योगी आदित्यनाथ जी को लाने की बात कही है। योगी आदित्यनाथ पहले भी हमारे गुरु थे, हैं और रहेंगे, इसका दल से कोई वास्ता नहीं है। कन्हैया मित्तल अपने इसी गाने के कारण सुर्खियों में आए थे और उनकी तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात भी हुई थी।

भाजपा खामोश, कांग्रेस मुद्दा बनाने में जुटी
अब उनका अचानक पाला बदलने पर लोग सोशल मीडिया पर तरह तरह की प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे हैं। उन पर भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर कांग्रेस का गुणगान करने के आरोप लग रहे हैं। कहा जा रहा है​ कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कन्हैया मित्तल ने नया दांव चला है। हालांकि उत्तर प्रदेश भाजपा की ओर से इस संबंध में कोई प्रति​क्रिया नहीं आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कन्हैया मित्तल को लेकर अभी तक कोई बयान नहीं दिया है। विपक्ष जरूर इस मामले में भाजपा को नसीहत देने में जुट गया है। कांग्रेस इसे बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी में जुट गई है। 

Also Read