ऑथर Sanjay Singh

सुल्तानपुर मामले में डकैतों का संरक्षण कर रही सपा : ब्रजेश पाठक बोले- माफिया की मजार पर फातिहा पढ़ने वाले सनातन को क्या जानें?

UPT | उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक।

Sep 13, 2024 00:23

ब्रजेश पाठक ने कहा कि अभी हाल ही में सुल्तानपुर में ज्वेलर्स के यहां दिनदहाड़े लूट की घटना हुई। कई दिनों से अखबारों, सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में विपक्षी पार्टियां खासकर समाजवादी पार्टी के लोग जिस ढंग से डकैतों, अपराधियों का संरक्षण करने का काम कर रही हैं, उनको अपने परिवार का पता नहीं है।

Lucknow News : उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के सुल्तानपुर एनकाउंटर को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि सपा हमेशा से अ​पराधियों के साथ खड़े नजर आई है। उसकी सरकार में महिला अपराध सहित कई वारदातों को अंजाम दिया गया। लेकिन, उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। हजरतगंज में क्षेत्राधिकारी को गाड़ी के बोनट पर घुमाया गया। बदायूं कांड, मथुरा का जवा​हर बाग कांड और मुजफ्फरनगर दंगे जैसे मामले इसका उदाहरण हैं। हाल ही में कन्नौज की घटना भी सबके सामने है कि इसमें कौन लोग शामिल हैं? अयोध्या में बेटी के साथ किसने दुष्कर्म किया। जबकि हमारी सरकार अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रतिबद्ध है। उन्होंने अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को मठ, मंदिर और माफिया में अंतर नहीं पता है। यह सभी माफिया की मजार पर फातिहा पढ़ने वाले लोग हैं, सनातन को क्या जानें। इन्हें प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा सरकार में अयोध्या में 3000 करोड़ की परियोजनाएं, सपा ने चलवाई रामभक्तों पर गोलियां
ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि किसी भी घटना की जांच में दोषी पाए जाने पर कारवाई होगी। उन्होंने सुल्तानपुर मामले में भी तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की बात कही। डिप्टी सीएम ने कहा कि मामले में मजिस्ट्रियल जांच भी कराई जा रही है। अखिलेश यादव के यूपी में सपा सरकार आने पर अयोध्या में विकास कार्य कराने की बात पर पाठक ने कहा कि वर्तमान में 3000 करोड़ की परियोजनाएं अयोध्या में धरातल पर उतर रही हैं। भाजपा सरकार में अध्योध्या का विकास किया जा रहा है, जबकि राम भक्तों पर गोलियां समाजवादी पार्टी ने चलवाई। उन्होंने कहा कि हमारी प्रतिबद्धता है कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर कोई खिलवाड़ नहीं हो। सुल्तानपुर मामले में पूरी जांच के आधार पर कार्रवाई
उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में सुल्तानपुर में ज्वेलर्स के यहां दिनदहाड़े लूट की घटना हुई। कई दिनों से अखबारों, सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में विपक्षी पार्टियां खासकर समाजवादी पार्टी के लोग जिस ढंग से डकैतों, अपराधियों का संरक्षण करने का काम कर रही हैं, उनको अपने परिवार का पता नहीं है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश की जनता के समक्ष मैं कुछ तथ्य रखना चाहता हूं। सुल्तानपुर की घटना में हमारी सरकार ने गंभीरता से जांच कराई है। तथ्यों पर जानकारी एकत्रित की है। उन्होंने कहा कि जो लोग वांछित थे, उनकी सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन निकालने के बाद सही पड़ताल करके पहचान करने के साथ कार्रवाई प्रारंभ की गई है। इस मामले में अपराधी के मुठभेड़ में मारे जाने के साथ अन्य पकड़े भी गए हैं।

सपा हमेशा अपराधियों के साथ
ब्रजेश पाठक ने कहा कि चाहे सुल्तानपुर हो या प्रदेश की कोई भी अन्य घटना, समाजवादी पार्टी हमेशा अपराधियों के समर्थन में रहने का काम करती रही है। यह पहला मामला देख रहा हूं, जिस व्यक्ति के यहां अपराध हुआ, उस ज्वेलर्स के समर्थन में एक भी शब्द समाजवादी पार्टी के मुखिया की तरफ से नहीं बोला गया। जिस व्यक्ति के यहां हत्या हुई है, उसके समर्थन में पीड़ित के साथ खड़े होने के बजाय हमेशा से समाजवादी पार्टी अपराधियों के साथ खड़े होने का दावा करती है। जिस बेटी के साथ रेप हुआ है, समाजवादी पार्टी कभी उसके साथ खड़ी नजर नहीं आई। केवल आई तो अपराधियों को बचाने के लिए।

सुलतानपुर में पकड़े गए अपराधियों से हुई बरामदगी, अखिलेश यादव कर रहे गुमराह
उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर मामले में समाजवादी पार्टी जाति के आधार पर समर्थन में जुट गई है। जबकि हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है कि अपराधी सिर्फ अपराधी होता है, उसकी कोई जाति नहीं होती। उन्होंने कहा कि हमारे साथ सर्व समाज के लोग जुड़े हुए हैं। हमारे सरकार किसी व्यक्ति विशेष की सरकार नहीं है। यह सब की सरकार है। सबके हितों की चिंता करती है। लेकिन, हमारी जिम्मेदारी है कि प्रदेश में कानून के राज को स्थापित करें और हर स्थिति में लोगों को भय मुक्त वातावरण प्रदान करें। हम जानते हैं कि इस घटना में जो लोग वांछित थे उनके घर से ढाई किलोग्राम से अधिक सोना बरामद हुआ है, जिसकी लूट हुई थी। ब्रजेश पाठक ने कहा कि सबसे बड़ी बात है कि समाजवादी पार्टी प्रेस कॉन्फ्रेंस करके जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रही है। प्रदेश की जनता जानती है कि समाजवादी पार्टी की जब-जब सरकार रही है तब तब वह अपराधियों को पुष्पित पल्लवित करती रहती है।

सपा सरकार में हुई घटनाओं की दिलाई याद
डिप्टी सीएम ने कहा कि हमें याद है इसी राजधानी लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्राधिकारी को लोहिया वाहिनी के गुंडों ने बोनट पर घुमाया था। लोहिया वाहिनी के गुंडों ने नंगा नाच किया था। उनकी हिम्मत देखिए कि जब समाजवादी पार्टी की सरकार थी, उसी जीप को ले जाकर एसएसपी लखनऊ के बंगले में घुसा दिया गया और एसएसपी लखनऊ के माध्यम से उन गुंडों को बचाने का काम किया गया। आज तक उस घटना में कितनों की सजा हुई है, यह समाजवादी पार्टी जानती है। इसी तरह बदायूं में जो घटना घटी, उसकी चर्चा पूरे देश और दुनिया में हुई थी। समाजवादी पार्टी उसका जवाब आज तक नहीं दे पाई है।

समाजवादी पार्टी से मांगा जवाब
ब्रजेश पाठक ने कहा कि मथुरा के जवाहर बाग कांड को कौन भुलेगा, जिसमें हमारे पुलिस अधिकारी वीरगति को प्राप्त हुए थे। यह समाजवादी पार्टी के संरक्षण की ही देन है कि जब-जब उनकी सरकार बनती है तब तक अपराधियों का मनोबल बढ़ता है और भोली भाली जनता का अमन चैन टूटता है। उनकी संपत्ति भी लूट जाती है और बहू बेटियों की आबरू भी खतरे में रहती है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुजफ्फरनगर कांड को कौन भूल सकता है? मुजफ्फरनगर में हमारी एक बहन बेटी के साथ दुर्व्यवहार हुआ था। केवल अपने वोट के चक्कर में उस व्यक्ति को छोड़ दिया गया। उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई। पूरे देश ने भय की स्थिति का सामना किया था। मुजफ्फरनगर दंगे में कितने लोग मारे गए थे जो निरपराध थे, समाजवादी पार्टी को इसका जवाब देना चाहिए।

Also Read