सपा सांसद होने के कारण मुझ पर दर्ज हुई एफआईआर : राजीव राय बोले- संसद में उठाऊंगा मामला

UPT | सपा सांसद राजीव राय।

Oct 19, 2024 15:44

घोसी से सपा सांसद राजीव राय मऊ जिला अस्पताल की घटना का मुद्दा लोकसभा में उठायेंगे। बीते दिनों जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करने के दौरान ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉक्टर सौरभ त्रिपाठी और सपा सांसद राजीव राय के बीच तीखी बहस हो गई थी।

Lucknow News : घोसी से सपा सांसद राजीव राय मऊ जिला अस्पताल की घटना का मुद्दा लोकसभा में उठायेंगे। बीते दिनों जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करने के दौरान ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉक्टर सौरभ त्रिपाठी और सपा सांसद राजीव राय के बीच तीखी बहस हो गई थी। जिसके बाद डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने सपा सांसद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सांसद का आरोप है कि डॉक्टर ने कोई शिकायत नहीं की। पुलिस ने सत्तारूढ़ पार्टी के दबाव में आकर डॉक्टर के घर जाकर शिकायत ली है।

गरीबों को चूसा जा रहा खून 
सांसद राजीव राय ने शनिवार को लखनऊ में मीडिया से बातचीत में कहा कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मऊ जिला अस्पताल में निरीक्षण करने पहुंचे थे। अस्पताल में दलालों का बोलबाला है। ईएनटी डॉक्टर 11 बजे आते हैं। डेढ़ घंटा बाद 12:30 बजे चले जाते हैं। मरीजों से गलत व्यवहार करते हैं। पूछताछ करने पर दलाल मरीजों को डॉक्टर के प्राइवेट नर्सिंग होम भेज देते हैं। दलालों ने जिला अस्तपाल को कमाई का अड्डा बना रखा है। सब कुछ सत्ता के संरक्षण में हो रहा है। सत्ता में बैठे लोग गरीबों का खून चूस रहे हैं। निजी प्रैक्टिस करने वाले डॉक्टरों के खिलाफ विरोध जारी रहेगा। वह इस मुद्दे को लोकसभा में उठाएंगे।



सीएमएस की नहीं सुनता डॉक्टर
सांसद ने कहा कि ईएनटी डॉक्टर के खिलाफ शिकायतों का अंबार है। डॉक्टर की करतूत उजागर करने पर एक पत्रकार को हेलमेट से मारा गया। सीएमएस की सुनना तो दूर डॉक्टर ने भाजपा नेताओं को भी नहीं छोड़ा है। कई बार भाजपा नेताओं को भी अपमानित किया। सीएमएस इस डॉक्टर के आचरण से दुखी हैं। डॉक्टर के खिलाफ नोटिस जारी कर शासन से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की पुलिस का भी अद्भुत कारनामा है। डॉक्टर पर कार्रवाई करने के बजाय मुझ पर ही केस दर्ज कर लिया। जबकि डॉक्टर पुलिस के पास गया तक नहीं और न ही शिकायत की। यहां तक कि डॉक्टर के पिता ने घर आकर अपने बेटे की गलती के लिए माफी मांगी थी।

लोकसभा चुनाव में हार की खीज निकाल रही भाजपा
सांसद ने कहा कि 12 साल से मऊ में हूं। कभी किसी भी अधिकारी या फिर अस्पताल के कर्मचारी तक से अनबन नहीं हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, सीएम योगी और भाजपा के तमाम शीर्ष नेताओं ने पूरी ताकत लगा दी। इसके बावजूद लोकसभा चुनाव में इस सीट पर जीत नहीं मिली। प्रधानमंत्री से ज्यादा वोटों से जीता हूं। भाजपा इसी बात का बदला ले रही है। यह समाजवादी पार्टी की पूर्वांचल की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक जीत है, जो भाजपा को पच नहीं रही है। 

सपा सांसद के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सपा सांसद राजीव राय 16 अक्टूबर को मऊ में जिला अस्पताल का निरीक्षण करने गए थे। इस दौरान उनके साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. धनंजय कुमार सिंह भी थे। सांसद को चिकित्सा सुविधाओं को लेकर शिकायतें मिली थीं। इस बीच वो ईएनटी डॉक्टर सौरभ त्रिपाठी के केबिन में घुसे और उससे पूछताछ करने लगे। जिस पर दोनों में कहासुनी होने लगी। राजीव राय ने डॉक्टर को तमीज से बात करने की हिदायत। डॉक्टर ने भी सपा सांसद को अस्पताल के बाहर नेतागिरी झाड़ने की नसीहत दे डाली। इसके बाद डॉक्टर सौरभ त्रिपाठी की तहरीर पर सांसद राजीव राय के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज कर गया है। यह मुकदमा सरायलखनसी थाने में दर्ज हुआ है।

Also Read