प्रियंका गांधी पर टिप्पणी से कांग्रेसी भड़के : मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के गेट पर लिखा चोर-बेईमान, नेम प्लेट पर कालिख पोती

UPT | प्रियंका गांधी पर टिप्पणी से नाराज कांग्रेसी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के बाहर अपनी नाराजगी जाहिर करते

Oct 16, 2024 17:38

प्रियंका गांधी को केरल से उम्मीदवार बनाना प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को रास नहीं आया। इसे लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर टिप्पणी की, 'अन्ततः लड़की लड़ नहीं पाई और भाग ही गई वहां जहां लड़ना न पड़े। बूढ़ी जो हो गई।' प्रियंका गांधी यूपी में चुनाव के दौरान 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' का नारा दे चुकी हैं।

Lucknow News : प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की अभद्र टिप्पणी के खिलाफ कांग्रेस ने कड़ी नाराजगी जताई है। पार्टी ने इसे महिलाओं के प्रति भाजपा की सोच बताते हुए पलटवार किया है। राजधानी में कांग्रेस नेताओं ने इस टिप्पणी के विरोध में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के घर के बाहर नेम प्लेट पर कालिख पोती और पर चोर-बेईमान लिख डाला। नाराज कांग्रेसियों ने कहा कि प्रियंका गांधी के खिलाफ गलत बात वह कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। पार्टी अध्यक्ष अजय राय ने भी इस मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।

प्रियंका गांधी को वायनाड लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाने के बाद सियासत तेज
प्रियंका गांधी को केरल की वायनाड लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद सियासत तेज हो गई है। राहुल गांधी के इस्तीफे से इस रिक्त सीट पर पार्टी ने प्रियंका गांधी को उम्मीदवार बनाया है। लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी वायनाड और रायबरेली दो लोकसभा सीटों से चुनाव लड़े और दोनों की जगह उन्होंने जीत हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने वायनाड से इस्तीफा दे दिया। अब कांग्रेस ने यहां से प्रियंका गांधी को उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा की है।



मंत्री दिनेश प्रताप की इस टिप्पणी से कांग्रेसी भड़के
प्रियंका गांधी को केरल से उम्मीदवार बनाना प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को रास नहीं आया। इसे लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर टिप्पणी की, 'अन्ततः लड़की लड़ नहीं पाई और भाग ही गई वहां जहां लड़ना न पड़े। बूढ़ी जो हो गई।' प्रियंका गांधी यूपी में चुनाव के दौरान 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' का नारा दे चुकी हैं। दिनेश प्रताप सिंह ने इसी नारे को लेकर उन पर यूपी के बजाय केरल से चुनाव लड़ने पर तंज कसा। दिनेश प्रताप सिंह पूर्व में कांग्रेस में रह चुके हैं। 

कांग्रेस महासचिव ने इस तरह जताया विरोध
प्रदेश सरकार के मंत्री की इस टिप्पणी से कांग्रेसी नाराज हो गए। उन्होंने मंत्री के आवास के बाहर अपनी नाराजगी जाहिर की। पार्टी के महासचिव अनिल यादव ने काल पेंट से उनके आवास के गेट पर चोर-बेईमान लिख डाला। इसके साथ ही नेम प्लेट पर कालिख पोत दी। सुरक्षाकर्मियों के रोकने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उनसे झड़प भी हुई। अनिल यादव ने इसके बाद धमकी भरे अंदाज में कहा कि दिनेश प्रताप सिंह ने प्रियंका गांधी पर जो अभद्र टिप्पणी की है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी नेता के खिलाफ कोई कुछ भी बोल देगा। हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे। अगर दिनेश प्रताप सिंह मिल जाते तो उनके चेहरे पर भी कालिख पोत दी जाती। भाजपा के नेता हमेशा महिलाओं का अपमान करने का काम करते हैं मंत्री दिनेश प्रताप सिंह चौराहे पर आकर माफी मांगे।

आनन-फानन में कराया गया पेंट
कांग्रेस के इस तरह विरोध जताने के बाद मंत्री आवास के कर्मचारी हरकत में आए। आनन फानन में गाड़ी सामने खड़ी कर गेट को छुपाया गया। इसके बाद चोर, बेईमान शब्द को अखबार से ढका गया। फिर तुरंत पेंटर बुलाकर रंगाई कराई गई।

अजय राय ने भाजपा पर निशाना साधा
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने प्रियंका गांधी पर अभद्र टिप्पणी पर कहा कि ये यूपी सरकार में मंत्री और बुरी तरह सांसदी का चुनाव हारे हुए भाजपा नेता दिनेश सिंह हैं। महिलाओं के बारे में इनकी भाषा और ख्याल देखिये। महिलाएं चुनाव लड़ने के लिए जब उतरती हैं, तो उन्हें सैकड़ों ऐसे बदमाश किस्म के लोगों की घटिया भाषा सुननी पड़ती है। ऐसे लोग भाजपा सरकार में मंत्री बने बैठे हैं इसलिए महिला सुरक्षा का प्रदेश में बुरा हाल है।

Also Read