Lucknow News : सरकारी अस्पतालों में बुखार-डेंगू के मरीजों की बढ़ती संख्या से बेड की किल्लत, प्राइवेट हॉस्पिटल कर रहे लूट

UPT | अस्पतालों में भर्ती बुखार और डेंगू के मरीज

Oct 16, 2024 11:51

सरकारी अस्पतालों में बेड की किल्लत के बीच प्राइवेट हॉस्पिटल में भी यही हाल देखने को मिल रहा है। मनमाने रेट पर बेड दिए जा रहे हैं। प्राइवेट नर्सिंग होम में इलाज काफी महंगा होने से मरीज बेहाल हैं। मरीज के पहुंचने पर तुंरत भर्ती करने को बोला जा रहा है। करीब एक सप्ताह के इलाज में लोगों की जेब खाली हो रही है।

Lucknow News : शहर के प्रमुख सरकारी अस्पतालों सिविल, लोकबंधु और बलरामपुर में बुखार और डेंगू के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इन अस्पतालों में 250 से अधिक डेंगू पीड़ित मरीज भर्ती हैं। हालत ये है कि इमरजेंसी और मेडिसिन विभागों में जगह की कमी हो गई है, जिसके चलते बुखार के मरीजों को अन्य विभागों में भर्ती किया जा रहा है। 

प्राइवेट हॉस्पिटल कर रहे लूट
सरकारी अस्पतालों में बेड की किल्लत के बीच प्राइवेट हॉस्पिटल में भी यही हाल देखने को मिल रहा है। मनमाने रेट पर बेड दिए जा रहे हैं। प्राइवेट नर्सिंग होम में इलाज काफी महंगा होने से मरीज बेहाल हैं। मरीज के पहुंचने पर तुंरत भर्ती करने को बोला जा रहा है। करीब एक सप्ताह के इलाज में लोगों की जेब खाली हो रही है। जनरल वार्ड खाली नहीं होेने का हवाला देकर डीलेक्स रूम के नाम पर लूट जारी है। इसमें एक तरह के चार्ज वसूलने से लोग चाहकर भी दूसरी जगह इलाज के लिए नहीं जा पा रहे हैं, क्योंकि बेड मिलना मुश्किल हो रहा है। 



ओपीडी और इमरजेंसी में रोजाना आ रहे 500 मरीज 
बलरामपुर अस्पताल के निदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण के अनुसार, अस्पताल की ओपीडी और इमरजेंसी में प्रतिदिन लगभग 500 बुखार के मरीज आ रहे हैं, जिनमें से करीब 100 को भर्ती करना पड़ता है। इनमें कई मरीज डेंगू से भी पीड़ित होते हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण सर्जरी वार्ड में भी बुखार के मरीजों को भर्ती करने का निर्देश दिया गया है।

सिविल और लोकबंधु अस्पतालों में भी भारी भीड़
सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. सुनील भारतीय और लोकबंधु अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने भी बुखार और डेंगू के मरीजों की संख्या में वृद्धि की पुष्टि की है। हालांकि, उनका कहना है कि सभी मरीजों की हालत में सुधार हो रहा है और किसी की भी स्थिति गंभीर नहीं है।

लखनऊ के पॉश इलाकों में डेंगू का कहर जारी
लखनऊ के पॉश इलाकों जैसे अलीगंज, इंदिरानगर, आलमबाग सहित अन्य इलाकों में भी डेंगू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते चौबीस घंटे में मिले 61 नए मरीजों में से 33 इन्हीं क्षेत्रों से हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग ने इन क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन स्थल की पहचान कर आठ घरों को नोटिस जारी किया है।

अस्पतालों में मरीजों की संख्या के आंकड़े
बलरामपुर अस्पताल में वर्तमान में 28 डेंगू और 95 बुखार के मरीज भर्ती हैं। सिविल अस्पताल में 40 डेंगू और 30 बुखार के मरीजों का इलाज चल रहा है। इसी प्रकार, लोकबंधु अस्पताल में 13 डेंगू और 40 बुखार के मरीज भर्ती हैं। ठाकुरगंज चिकित्सालय और बीआरडी महानगर में भी मरीजों की संख्या बढ़ रही है, जिससे अस्पतालों में भारी दबाव बन गया है।
 

Also Read