आयुष की हत्या का मामला : हरदोई में पुलिस की मौजूदगी में हुआ किशोर का अंतिम संस्कार,गन्ने के खेत में टुकड़ों में मिला था शव

UPT | आयुष का अंतिम संस्कार

Oct 25, 2024 12:48

हरदोई जिले के पाली कस्बे के पास गर्रा नदी पर लालपुर के आयुष का अंतिम संस्कार पुलिस की मौजूदगी में किया गया। बच्चे का शव टुकड़ों में गन्ने के खेते में मिला था एसपी नीरज कुमार जादौन घटनास्थल पर पहुंचे थे। पांच दिन पूर्व खेलते समय बच्चा घर के बाहर से लापता हो गया था।

Short Highlights
  • आयुष का शव क्षत-विक्षत अवस्था में गन्ने के खेत में मिला था
  • पाली कस्बे के निकट गर्रा नदी किनारे हुआ अंतिम संस्कार
  • शाहबाद पुलिस ने तेज की मामले की तहकीकात 
Hardoi News : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के पाली कस्बे के पास गर्रा नदी पर लालपुर के आयुष का अंतिम संस्कार पुलिस की मौजूदगी में किया गया। बच्चे का शव गन्ने के खेत में टुकड़ों में मिला था। एसपी नीरज कुमार जादौन मौके पर पहुंचे थे। बच्चा पांच दिन पहले घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।

टुकड़ों में मिला था मासूम बच्चे का शव 
शाहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर निवासी नेतराम का 11 वर्षीय पुत्र आयुष बीती 18 अक्टूबर को घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह लापता हो गया। परिजनों ने आयुष की काफी खोजबीन की पर उसका पता नहीं चला। 19 अक्टूबर को शाहाबाद थाने में नेतराम ने आयुष की गुमशुदगी दर्ज कराई। बुधवार की दोपहर 1 बजे लालपुर के पास गन्ने के खेत में दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो आयुष का शव मिला।
  

पुलिस कर रही मामले की तहकीकात 
नेतराम ने बताया कि गन्ने के खेत में बेटे का नग्न हालत में शव मिला। उसके सिर के बाल गायब थे। शव में सिर्फ एक पैर था। शव से कुछ दूरी पर हाथ और एक पैर मिला। वहीं घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों और आसपास के लोगों से एसपी ने बात की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शांति एवं सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया था। 

गर्रा नदी के किनारे हुआ अंतिम संस्कार 
पोस्टमार्टम के बाद आयुष का शव लालपुर गांव पहुंचा। चंद मिनट बाद ही पुलिस के कहने पर परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए पाली गर्रा नदी के लिए रवाना हो लिए। शाम को पाली कस्बे के निकट गर्रा नदी किनारे पुलिस की मौजूदगी में आयुष का अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द से जल्द घटना का खुलासा करके दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

Also Read