लखीमपुर में सड़क सुरक्षा पर बैठक संपन्न : प्रमुख सचिव ने कहा- यातायात के नियमों का कड़ाई से करें पालन

UPT | लखीमपुर में सड़क सुरक्षा की बैठक संपन्न

Oct 19, 2024 18:34

यूपी परिवहन निगम के अध्यक्ष और महानिदेशक उपाम, एल. वेंकटेश्वर लू खीरी जनपद पहुंचे। यहां उनका स्वागत सीडीओ अभिषेक कुमार ने पुष्प गुच्छ देकर किया...

Lakhimpur Kheri News : शनिवार को अपने निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के तहत प्रमुख सचिव परिवहन, यूपी परिवहन निगम के अध्यक्ष और महानिदेशक उपाम, एल. वेंकटेश्वर लू खीरी जनपद पहुंचे। यहां उनका स्वागत सीडीओ अभिषेक कुमार ने पुष्प गुच्छ देकर किया। इसके बाद, प्रमुख सचिव ने जिला ग्राम्य विकास संस्थान भंसडिया में सड़क सुरक्षा और मिशन कर्मयोग विषय पर आयोजित विचार गोष्ठी एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में भाग लिया। बैठक और गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए, मुख्य अतिथि एल. वेंकटेश्वर लू ने सीडीओ अभिषेक कुमार, एडीएम संजय सिंह, एएसपी नेपाल सिंह, आरटीओ संजय कुमार तिवारी, संदीप कुमार पंकज, और राज्य ग्राम विकास संस्थान से सहायक निदेशक एसके सिंह तथा सलाहकार हेमेंद्र शर्मा के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर गोष्ठी का शुभारंभ किया।

एल. वेंकटेश्वर लू ने दिलाया सड़क सुरक्षा का संकल्प
मुख्य अतिथि एल. वेंकटेश्वर लू ने कर्मयोग और सड़क सुरक्षा पर विस्तार से चर्चा की और इनके बीच के संबंध को स्पष्ट किया। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे अपने कार्य को प्रमाणिकता, लगन और निष्ठा के साथ करें। एल. वेंकटेश्वर लू ने कहा कि कर्मयोग के माध्यम से ही हम मानसिक संतुलन बनाए रख सकते हैं और सड़क सुरक्षा के साथ-साथ समग्र सुरक्षा को सुनिश्चित कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को सही शिक्षा और संस्कार देना आवश्यक है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कार्य को सही तरीके से करने की आवश्यकता है। सही ज्ञान और उचित आचरण से सुख का मार्ग प्रशस्त होता है और अन्याय करने वाला कभी खुश नहीं हो सकता।



'शराब का सेवन करके वाहन नहीं चलाना चाहिए'
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के मन, वचन, कर्म और वाणी में एकाकार होना चाहिए। शास्त्रों में सटीक जीवन के बारे में बताया गया है। शास्त्रों का अध्ययन करना चाहिए और उसके अनुसार अपना आचरण करने का प्रयास करना चाहिए। सड़क सुरक्षा के बारे में कहा कि यातायात के नियमों का कड़ाई से पालन करना चाहिए। जो भी कार्य करें, सावधानी के साथ करें। शराब का सेवन करके वाहन नहीं चलाना चाहिए।

मन पर नियंत्रण न होना ही दुर्घटनाओं का मुख्य कारण : रामकृष्ण गोस्वामी
मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय चरित्र निर्माण संस्थान दिल्ली के अध्यक्ष रामकृष्ण गोस्वामी ने कहा कि मन पर नियंत्रण न होना ही दुर्घटनाओं का मुख्य कारण है। उन्होंने गीता शिक्षा पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि गीता शासन, प्रशासन व अनुशासन का केन्द्र बिंदु है एवं न्याय धर्म की आत्मा है। उन्होंने कहा कि गीता के कर्मयोग का ज्ञान सबको होना चाहिए।

यातायात नियमों के पालन से बचा सकते है जिदगियां : सीडीओ
सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि सड़क पर जाने से पहले अपने और अपने परिवार की चिंता अवश्य करनी चाहिए। महिलाए पुरुषों को हेलमेट पहनने के लिए कहें। हेलमेट लेने के साथ-साथ उसे पहनने का संकल्प लें। यातायात नियमों का पालन कर हादसों पर अंकुश लगाने में सहयोग करे। ओवरस्पीडिंग का कोई लाभ तो नहीं मिलता बल्कि खतरा जरूर बढ़ जाता है। हेलमेट को अपनी आदत व दिनचर्या में शामिल करें। 

घायल को अस्पताल पहुंचाना नैतिक दायित्व : एडीएम
एडीएम संजय सिंह ने गुड सेमेरिटन की भूमिका को रेखांकित किया। घायल व्यक्ति को जितनी जल्दी अस्पताल ले जाएंगे, उसके बचने की संभावना भी उतनी ही बढ़ जाती है। इसलिए घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंच कर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका अदा करें। हेलमेट, सीटबेल्ट लगाने पर जोर देते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का शत प्रतिशत अनुपालन करने की बात कही।

ये सभी रहे मौजूद
कार्यक्रम की शुरुआत में एआरटीओ अखिलेश द्विवेदी ने कार्यक्रम की आवश्यकता, प्रासंगिकता बताई। वही कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ मनीष चंद्रा ने आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन जनार्दन बाबू मिश्र ने किया। कार्यक्रम में पीडी एसएन चौरसिया, एसडीएम सदर अश्विनी सिंह, ईई पीडब्लूडी अनिल कुमार यादव, डीसीओ वेदप्रकाश, पीटीओ कौशलेंद्र यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

Also Read