Lucknow News : कुकरैल नदी का गाटावार नये सिरे से होगा सर्वे, सिंचाई विभाग को निर्देश

UPT | कुकरैल नदी का गाटावार नये सिरे से होगा सर्वे

Jul 18, 2024 01:53

सिंचाई विभाग की ओर से विगत दिनों एनजीटी के आदेशों के क्रम में नदी के फ्लड प्लेन जोन का चिन्हांकन किया गया है। नेशनल मिशन फार क्लीन गंगा की अधिसूचना-2016 के क्रम में यह कार्यवाही की जा रही है। कुकरैल नदी...

Lucknow News : पंत नगर, रहीम नगर, खुर्रम नगर व इंद्रप्रस्थ नगर के मकानों को न तोड़े जाने के मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद कुकरैल नदी की चौड़ाई को लेकर नए सिरे से सर्वे होगा। कुकरैल नदी के उद्गम स्थल अस्ती गांव से लेकर गोमती नगर तक रिवर बेड की सही नापजोख की जाएगी। इसके लिए गाटा वार संख्या रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश सिंचाई विभाग को दिए गए हैं। कमिश्नर डॉ. रौशन जैकब ने कुकरैल नदी को प्रदूषण मुक्त एवं पुर्नजीवित करने के सम्बन्ध में सम्बंधित विभागों के साथ बैठक की। इस दौरान कमिश्नर ने सिंचाई विभाग को उद्गम स्थल से गोमती नगर तक कुकरैल नदी के गाटावार रिपोर्ट तैयार करने को कहा है। 

50 मीटर तक  चिन्हित किया गया 
बता दें, सिंचाई विभाग की ओर से विगत दिनों एनजीटी के आदेशों के क्रम में नदी के फ्लड प्लेन जोन का चिन्हांकन किया गया है। नेशनल मिशन फार क्लीन गंगा की अधिसूचना-2016 के क्रम में यह कार्यवाही की जा रही है। कुकरैल नदी के दो प्लेन चिन्हित किये गये हैं। पहला, नदी तल और दूसरा फ्लड प्लेन जोन। रिवर बेड लगभग 35 मीटर चौड़ाई में तथा फ्लड प्लेन जोन नदी किनारे से 50 मीटर तक सिंचाई विभाग की ओर से चिन्हित किया गया है। मगर कतिपय व्यक्तियों की ओर से फ्लड प्लेन जोन के चिन्हांकन के सम्बन्ध में कई मिथ्या तथ्यों को प्रचारित किया जा रहा था, जिसे लेकर स्थानीय जनता में भय और भ्रम का माहौल था। यही वजह रही कि पंत नगर, रहीम नगर, इंद्रप्रस्थ नगर व खुर्रम नगर में मकानों पर आनन-फानन में लाल निशान लगा दिए गए। क्षेत्र में खबर दौड़ गई कि इन मकानों को तोड़ा जाएगा। 

बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंची तो उन्होंने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लिया और क्षेत्र के लोगों से बातचीत की और उन्हें आश्वासत किया कि उनके मकान नहीं तोड़े जाएंगे। सीएम के निर्देशों के बाद कुकरैल नदी को प्रदूषण मुक्त व पुर्नजीवित करने को लेकर नए सिरे से कवायद शुरू हो गई है। कमिश्नर डॉ. रौशन जैकब ने बुधवार को सम्बंधित विभागों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग को नए सिरे से गाटावार रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। सूत्र बताते हैं कि अब गोमती नगर से उद्गम स्थल अस्ती गांव तक रिवर बेड यानी 35 मीटर चौड़ाई में कुकरैल नदी को संवारा जाएगा। 

लाल निशान मिटाने में पीछे हट रहे विभाग
रहीम नगर, पंत नगर, इंद्रप्रस्थ नगर, खुर्रम नगर व अबरार नगर में मकानों पर लगे लाल निशान को मिटाने की हिम्मत कोई नहीं जुटा पा रहा है। मुख्यमंत्री ने लाल निशान मिटाने के निर्देश दिए हैं। मगर एलडीए व सिंचाई विभाग की ओर से लाल निशान हटाने के लिए कोई कार्रवाई बुधवार को नहीं की गई। हालांकि बुधवार को सार्वजनिक अवकाश था। कहा जा रहा है कि 20 जुलाई को पौधरोपण कार्यक्रम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

अकबरनगर को फिर बसायें सरकार, संघर्ष समिति ने की मांग 
लखनऊ। पंतनगर, अबरार नगर, खुर्रम नगर, रहीम नगर, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी और स्कॉर्पियो क्लब की बेदखली के आदेश को सरकार से वापस कराने के बाद लखनऊ बचाओ संघर्ष समिति ने अकबर नगर को दोबारा से बसाने की मांग उठाई है। अपने राजनीतिक प्रस्ताव में सरकार से पूछा है कि उसे प्रदेश की जनता और लखनऊ के नागरिकों को बताना चाहिए कि उसने अकबरनगर को क्यों बुलडोज किया?
समिति ने प्रस्ताव में कहा है कि जब सरकार और प्रशासन के लोग लिखित रूप से यह स्वीकार रहे हैं कि सिर्फ 35 मीटर रिवर बेड में ही कुकरैल रिवर फ्रंट का निर्माण किया जाना है और फ्लड प्लेन एरिया जो 50 मीटर है। उसका ना तो कोई प्रस्ताव है और ना ही कोई आवश्यकता है। तब प्रशासन ने अकबरनगर में नदी से 500 मीटर दूर तक के क्षेत्र को बुलडोजर लगाकर तहस-नहस करने का काम क्यों किया है? प्रस्ताव में कहा गया कि सरकार के बुलडोजर राज के कारण आज हालात यह है कि अकबरनगर के लोग अपने घर, मकान, रोजगार से वंचित हो गए। बसंत कुंज में जो आवास उन्हें आवंटित भी किया गया है उसका पैसा मांगा जा रहा है। यही नहीं वहां सरकारी शिक्षा-स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। सरकार से मांग की गई कि अकबरनगर को बुलडोजर करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। परिवारों को मुआवजे के साथ अकबरनगर में पुन: स्थापित करे। रोजगार व बुनियादी नागरिक सुविधाओं का इंतजाम करना चाहिए। दिए गए आवास फ्री करना चाहिए। प्रस्ताव पर पूर्व कुलपति रूप रेखा वर्मा, सपा की मेयर पूर्व प्रत्याशी वंदना मिश्रा, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता डाक्टर रमेश दीक्षित, सीपीएम राज्य सचिव मंडल सदस्य मधु गर्ग, आईपीएफ के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर, इप्टा के राकेश, जागरूक नागरिक मंच की कात्यायनी, ट्रांस गोमती निवासी संघर्ष समिति के संयोजक राकेश मणि पांडे ने सहमति व्यक्त की है। 

रहीम नगर, पंतनगर में पहुंचे विधायक, कहा भ्रम फैलाने वालों से सावधान रहें
बुधवार को पूर्वी विधानसभा के विधायक ओपी श्रीवास्तव इन इलाकों में रहने वाली जनता के बीच पहुंचे। घर-घर जाकर उन्होंने सबका हालचाल लिया और पूरी तरह से निश्चिंत रहने का आश्वासन दिया। पंतनगर के अशोक विहार फेस-2 पहुंचकर विनोद लोहानी, मंगलेश सिंह, राजेंद्र प्रताप सिंह, धर्मेन्द्र गुप्ता, अविनाश तिवारी, के एन चंदौला, पी के सिंह, रीता सिंह, भारती गुप्ता, पुष्पा, मधु चौधरी से उन्होंने जागरूक रहने और किसी के बहकावे में न आने कि गुजारिश की। उन्होंने पंतनगर, खुर्रमनगर, इंद्रप्रस्थ नगर की जनता से भ्रम फैला रहे लोगों से सावधान रहने के लिये कहा। जनता ने भी विधायक का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा लखनऊ महानगर की महिला मोर्चा अध्यक्ष सीता नेगी, पार्षद उमेश सनवाल, हरीश चंद लोधी, राकेश मिश्र, पूर्व पार्षद नरेन्द्र देवड़ी, पूर्वी विधानसभा के भाजपा पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Also Read