ममता बनर्जी से नहीं संभल रहा पश्चिम बंगाल : भूपेंद्र चौधरी बोले- अपनी जवाबदेही से बचने की कर रहीं कोशिश

UPT | Bhupendra Chaudhary

Aug 29, 2024 18:16

प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व की ओर से लक्ष्य दिया गया है कि जितने भी वोट राज्य में पार्टी को मिले हैं उसके 75 प्रतिशत लोगों को साधारण सदस्य बनना है। इसलिए हम लोगों ने प्रत्येक बूथ पर 200-200 सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया है।

Lucknow News : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के दिए विवादित बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे किसी व्यक्ति को इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए। भूपेंद्र चौधरी ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में संगठन-पर्व 'सदस्यता अभियान-2024' के अंतर्गत आयोजित पार्टी पदाधिकारियों की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में ममता बनर्जी को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे किसी भी व्यक्ति को सोच समझकर बोलना चाहिए।

संवैधानिक दायित्व को संभालने वाले व्यक्ति को संभलकर देना चाहिए बयान
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि ममता बनर्जी एक संवैधानिक दायित्व को संभाल रही हैं। वह राज्य की मुख्यमंत्री हैं और उन्हें अपने राज्य को संभालना चाहिए। लेकिन, हकीकत ये है कि उनसे पश्चिम बंगाल संभल नहीं रहा है। इस प्रकार के वक्तव्य देकर वह देश, समाज और राज्य के प्रति अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती हैं। दरअसल ममता बनर्जी ने भाजपा के बुलाए 'बंगाल बंद' पर कहा बीजेपी बंगाल में जो आग लगाना चाहती है, वह दूर तक फैलेगी। अगर बंगाल को जलाया तो असम, नॉर्थ-ईस्ट, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और दिल्ली भी जलेंगे। हम आपकी कुर्सी गिरा देंगे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सोच रहे हैं कि यह बांग्लादेश है। मुझे बांग्लादेश से प्यार है, उनकी संस्कृति और भोजन हमारे जैसे ही हैं। लेकिन, बांग्लादेश एक अलग देश है और भारत एक अलग देश है। मोदी बाबू, आप चाहते हैं कि यह आग बंगाल में फैले, तो आपको यह समझना चाहिए कि अगर बंगाल में आग लगी तो असम नहीं बचेगा, बिहार नहीं बचेगा, यह मणिपुर या ओडिशा तक ही सीमित नहीं रहेगा। यह दिल्ली तक भी पहुंचेगा। ममता बनर्जी के इस बयान की यूपी के भाजपा नेताओं ने कड़ी आलोचना की है।

सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जाएंगे उपचुनाव में
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य में विधानसभा की 10 रिक्त सीटों पर उपचुनाव को लेकर कहा कि हमारी पूरी तैयारी है। हमने अपने संगठन का पुनर्गठन करके रचना खड़ी कर ली है और व्यापक जनसंपर्क अभियान के तहत सदस्यता में हम लोग घर-घर जाकर सदस्य बनाएंगे। जैसे ही चुनाव आयोग तिथि निर्धारित करेगा, हम प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया पूरी करके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उपचुनाव में जाएंगे।

कुल वोटों के 75 प्रतिशत लोगों को साधारण सदस्य बनाने का लक्ष्य
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व की ओर से लक्ष्य दिया गया है कि जितने भी वोट राज्य में पार्टी को मिले हैं, उसके 75 प्रतिशत लोगों को साधारण सदस्य बनना है। इसलिए हम लोगों ने प्रत्येक बूथ पर 200-200 सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया है। ऑनलाइन सदस्यता में 2 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सदस्यता दिलाकर अभियान की शुरुआत करेंगे। अगले दिन 3 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हम लोग सदस्यता दिलाएंगे। इसके बाद जनपदों में तीन और चार सितंबर को अभियान की शुरुआत की जाएगी। यह अभियान पहले चरण में 25 सितंबर तक चलेगा। इसके बाद अगला चरण 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद सक्रिय सदस्य बनाए जाएंगे।

संगठन के गठन की प्रक्रिया इस तरह की जाएगी पूरी
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इसके बाद हम लोग अपनी स्थानीय समितियों का चुनाव प्रारंभ करके संगठन की रचना शुरू करेंगे। स्थानीय समिति के बाद मंडल, जिले, प्रदेश और फिर राष्ट्रीय स्तर तक हमारे संगठन के गठन की जो प्रक्रिया है उसको हम लोग मिलकर पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि अलग-अलग मोर्चों, प्रकोष्ठों, विभागों को लेकर सदस्यता का लक्ष्य निर्धारित किया है। बीते दिनों 17 अगस्त को राष्ट्रीय स्तर पर हमारी कार्यशाला हुई है कि किस तरह अभियान चलाना है। इसके बाद प्रदेश स्तर पर 20 अगस्त को कार्यशाला हुई। इसके बाद हम लोगों ने क्षेत्रीय, जिले व मंडल स्तर पर पार्टी की कार्यशाला संबंधी अभियान पूरा कर लिया है। अब मोर्चों आदि की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला प्रारंभ की जा रही है। सभी मोर्चों को भी अलग-अलग लक्ष्य दिया गया है, जिससे हम लोग पार्टी नेतृत्व के दिए लक्ष्य को पूरा कर सकें।

किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यशाला को किया संबोधित
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने गुरुवार को विश्वेश्वरैया हॉल, लखनऊ में भाजपा संगठन- पर्व 'सदस्यता अभियान-2024' के तहत किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यशाला में किसान मोर्चे के कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया। कार्यशाला में किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश चंद्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री किसान मोर्चा रामबाबू द्विवेदी सहित किसान मोर्चा के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Also Read