UP News : यूपी में एमएसपी पर एक अक्टूबर से होगी धान खरीद, समय सारिणी जारी 

UPT | यूपी में एक अक्टूबर से धान खरीद

Aug 07, 2024 22:28

यूपी के एमएसपी पर धान की खरीद एक अक्टूबर से शुरू होगी। खाद्य एवं रसद विभाग ने इसे लेकर समय सारिणी जारी कर दी है। हालांकि अभी धान खरीद का लक्ष्य तय होना बाकी है। 

Short Highlights
  • धान का समर्थन मूल्य निर्धारित
  • ई-टेंडर से नियुक्त होंगे ठेकेदार
  • धान खरीद का लक्ष्य तय होना बाकी
Lucknow News : यूपी के किसानों के लिए अच्छी खबर है। सूबे में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान की खरीद एक अक्टूबर से शुरू होगी। खाद्य एवं रसद विभाग ने इसे लेकर समय सारिणी जारी कर दी है। इसके अनुसार पश्चिमी यूपी में एक अक्टूबर और पूर्वी यूपी में एक नवंबर से धान की सरकारी खरीद की जाएगी। साथ ही धान व चावल के गुणवत्ता परीक्षण के लिए उपकरण की व्यवस्था 15 सितंबर तक पश्चिमी यूपी और 15 अक्टूबर तक पूर्वी यूपी के जिलों में हो जाएगी। हालांकि अभी धान खरीद का लक्ष्य तय होना बाकी है। 

ई-टेंडर से ठेकेदारों की होगी नियुक्ति
खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से जारी समय सारिणी के अनुसार हैंडलिंग ठेकेदारों और परिवहन के लिए ठेकेदारों की नियुक्ति की जाएगी। पश्चिमी यूपी के जिलों में 25 अगस्त और पूर्वी उप्र के जिलों में 31 अगस्त तक नियुक्ति की जाएगी। यह काम ई-टेंडर के माध्यम से होगा।

धान का समर्थन मूल्य निर्धारित
खाद्य आयुक्त ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में भारत सरकार द्वारा धान का समर्थन मूल्य कॉमन धान के लिए 2300 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए के लिए 2320 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी ब्लॉक में धान क्रय केन्द्र बनेंगे। जिससे किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की समस्या न आए।

मेटे अनाज में बाजरा, मक्का और ज्वार की खरीद
इस साल मोटे अनाज यानी श्री अन्न के अन्तर्गत बाजरा, मक्का, ज्वार की खरीद की जायेगी। केन्द्र सरकार ने वर्ष 2024-25 में बाजरा का समर्थन मूल्य 2625 रुपए प्रति क्विंटल, ज्वार का 3371 रुपये प्रति क्विंटल और मक्का का 2225 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। 

Also Read