ओपी राजभर के विधायक की बढ़ी मुश्किलें : रेलवे पेपर लीक कांड मामले में फंसे बेदी राम, कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट 

UPT | MLA Bedi Ram

Jul 11, 2024 08:50

न्यायाधीश पुष्कर उपाध्याय ने कृष्णा नगर इंस्पेक्टर को 26 जुलाई तक इन वारंटों का तामीला कराने का आदेश दिया है। यह मामला 2006 में दर्ज किया गया था, जब एसटीएफ ने रेलवे ग्रुप डी की परीक्षा...

Short Highlights
  • विधायक बेदी राम के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी हुआ है
  • आरोपियों के पास से रेलवे ग्रुप डी का प्रश्न पत्र बरामद हुआ था
  • कोर्ट ने आरोपियों का हाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र खारिज किया

 

Lucknow News : रेलवे भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में एक नया मोड़ आया है। दरअसल,ओपी राजभर के विधायक बेदीराम सहित कई लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। गिरोह बंद अधिनियम के विशेष न्यायाधीश पुष्कर उपाध्याय ने कृष्णा नगर इंस्पेक्टर को 26 जुलाई तक इन वारंटों का तामीला कराने का आदेश दिया है। यह मामला 2006 में दर्ज किया गया था, जब एसटीएफ ने रेलवे ग्रुप डी की परीक्षा से संबंधित प्रश्न पत्र और कई वाहन बरामद किए थे।

2006 में किया गया था गिरफ्तार
इस मामले में कुल 19 आरोपी हैं, जिनमें विधायक बेदीराम और विपुल दुबे भी शामिल हैं। अन्य आरोपियों में संजय श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार, मनोज कुमार मौर्य, शैलेश कुमार सिंह, रामकृपाल सिंह, भद्रमणि त्रिपाठी, आनंद कुमार सिंह, कृष्णकांत, धर्मेंद्र कुमार, रमेश चंद्र पटेल, मोहम्मद असलम, अवधेश सिंह, सुशील कुमार और अख्तर हुसैन के नाम शामिल हैं। यह सभी लोग 2006 में एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार किए गए थे। 

हाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र खारिज
अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ आरोपियों की हाजिरी माफी के प्रार्थना पत्र को खारिज कर दिया है। इनमें शिव बहादुर सिंह, दीनदयाल, संजय श्रीवास्तव, विधायक बेदी राम और अवधेश सिंह शामिल हैं। साथ ही, अदालत ने पहले से अनुपस्थित चल रहे अन्य आरोपियों विधायक विपुल दुबे, कृष्ण कुमार, मनोज कुमार मौर्य, शैलेश कुमार सिंह, रामकृपाल सिंह, भद्रमणि त्रिपाठी, आनंद कुमार सिंह, कृष्णकांत, धर्मेंद्र कुमार, रमेश चंद्र पटेल, मोहम्मद असलम, सुनील कुमार एवं अख्तर हुसैन के खिलाफ भी गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं।

26 जुलाई को तय होंगे आरोप
न्यायालय ने इस मामले में आरोपियों के जमानतदारों को भी नोटिस जारी किया है। साथ ही कोर्ट ने कृष्णा नगर इंस्पेक्टर को आदेश दिया है कि वह अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें। कोर्ट ने यह स्पष्ट किया है कि आगामी 26 जुलाई को सभी आरोपियों के उपस्थित होने पर ही आरोप तय किए जाएंगे।

Also Read