अखिलेश यादव के बयान पर ओपी राजभर का पलटवार : बोले- पुलिस ने आत्मरक्षा में चलाई गोली, सपा मुखिया एनकाउंटर पर क्यूं कर रहे हाय तौबा

UPT | योगी सरकार के मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर।

Sep 12, 2024 18:55

सुलतानपुर एनकाउंटर को लेकर यूपी में सियायत थमने का नाम नहीं ले रही है। समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच वार-पलटवार तेज होता जा रहा है।

Lucknow News : सुलतानपुर एनकाउंटर को लेकर यूपी में सियायत थमने का नाम नहीं ले रही है। समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच वार-पलटवार तेज होता जा रहा है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को एनकाउंटर को लेकर फिर से सवाल उठाए। इस पर योगी सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने मोर्चा संभालते हुए पलटवार किया है।

मंगेश यादव अपराधी था या नहीं  बताएं अखिलेश
ओम प्रकाश राजभर कहा कि सुलतानपर में सर्राफा व्यापारी के साथ लूटकांड के आरोपी के एनकाउंटर को लेकर विपक्ष के लोग अनाप शनाप बयान दे रहे हैं। जबकि सराफा एसोसिएशन ने आज पुलिस की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अपनी आत्मरक्षा में गोली चलाई। बदमाशों के साथ मुठभेड़ में पुलिस कर्मियों की भी जान जाती है। राजभर ने कहा कि मुसलमान मारा जाता है, तब अखिलेश यादव की जुबान नहीं खुलती। मंगेश यादव की मौत पर हाय तौबा क्यूं कर रहे हैं। उन्होंने पूछा कि अखिलेश बताएं मंगेश यादव अपराधी था या नहीं। ​

अखिलेश की नजर में मठाधीश हो सकता है माफिया 
राजभर ने अखिलेश के मठाधीश और माफिया में कोई ज्यादा फर्क नहीं वाले बयान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मठाधीश मठ में बैठकर भगवान की आराधना करता है। अखिलेश की नजर में मठाधीश माफिया हो सकता है। उन्होंने बीते दिनों यूपी के दो जनपदों में दुष्कर्म की घटनाओं का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव को घेरा। सुभासपा अध्यक्ष ने कहा कि आयोध्या और कन्नौज में दुष्कर्म के मामलों में सपा के लोग शामिल रहे। 

कांग्रेस के अलगावाद पर चल रही सपा 
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश अब चोर और लुटेरों की तस्वीर में अपने लोगों को खोज रहे हैं। अपराधियों को टिकट देना और उनको नेता बनाना सपा का इतिहास रहा है। सपा अब कांग्रेस के अलगावाद पर चल रही है। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा कि कांग्रेस अमेरिका में बोल रही है कि हम आरक्षण खत्म कर देंगे। विपक्ष को पता होना चाहिए जब अखिलेश राजनीति में नहीं आए थे तब से हम आरक्षण की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को हवा देने के लिए लोगों को प्रदर्शन के लिए भी उकसाया जा रहा है।

सपा की नीति-नीयत कभी सही नहीं रही
इससे पहले कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने कहा कि 2015 को गोरखपुर में रेल आंदोलन के दौरान मेरे एक भाई अखिलेश निषाद पर गोली चलाई गई और वह मारा गया, उस समय सपा सरकार थी। अपराधी की कोई जाति नहीं होती। उन्होंने अखिलेश यादव के भाजपा नेताओं पर अयोध्या में भूमि घोटाले में शामिल होने के आरोप पर पलटवार करते हुए कहा कि मूल्यांकन कर किसानों की सहमति से जमीन ली जाती है। गोली चलाने वाले अयोध्या का विकास क्या जानें। 2014 से 2017 तक इन्होंने सर्किल रेट बढ़ाया। सपा ने विकास किया होता तो सत्ता में रहती। इनकी नीति और नीयत कभी भी सही नहीं रही। उन्होंने कहा कि अयोध्या मछुआ समुदाय के लिए ऐतिहासिक जगह है। यूपी पहले बीमारू राज्य होता था। आज विकास की राजधानी है।

Also Read