योगी सरकार प्राकृतिक खेती को देगी बढ़ावा : यूपी समेत 12 राज्यों के 500 प्रतिनिधि लखनऊ में जुटेंगे

UPT | Surya Pratap Shahi

Jul 10, 2024 05:59

यूपी की मेजबानी में होने वाले इस कार्यक्रम में केंद्र, राज्य सरकारों व केंद्रशासित प्रदेशों के अधिकारी, 15 कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति व डीन, 180 कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिकों के साथ ही प्राकृतिक खेती करने वाले अग्रणी किसानों की भी सहभागिता रहेगी।

Short Highlights
  • प्राकृतिक खेती व कृषि विज्ञान पर क्षेत्रीय परामर्श कार्यक्रम 19 को 
  • गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत होंगे मुख्य अतिथि

 

Lucknow News : उत्तर प्रदेश में प्राकृतिक खेती व कृषि विज्ञान पर 19 जुलाई को क्षेत्रीय परामर्श कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में 12 राज्य क्रमशः राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, उत्तराखंड, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, बिहार, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख व चंडीगढ़ और मेजबान उत्तर प्रदेश से लगभग 500 प्रतिनिधि शामिल होंगे। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद होंगे। 

प्राकृतिक खेती व कृषि विज्ञान पर कार्यक्रम
प्रदेश सरकार में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख की उपस्थित में बताया कि यूपी की मेजबानी में होने वाले इस कार्यक्रम में केंद्र, राज्य सरकारों व केंद्रशासित प्रदेशों के अधिकारी,15 कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति व डीन,180 कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिकों के साथ ही प्राकृतिक खेती करने वाले अग्रणी किसानों की भी सहभागिता रहेगी। यहां प्राकृतिक खेती के स्टॉल रहेंगे। वैज्ञानिक-कृषि संवाद भी होगा। आचार्य देवव्रत कुरुक्षेत्र में प्राकृतिक खेती में हुए विशेष प्रयासों से किसानों को अवगत कराएंगे। 

अयोध्या में राज्य स्तरीय कार्यशाला 
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि राज्य स्तरीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन 20 जुलाई को अयोध्या में आचार्य नरेंद्र देव कुमारगंज, विश्वविद्यालय में होगा। इसमें पूर्वी उत्तर प्रदेश के 25 कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, प्राकृतिक खेती के नोडल अधिकारी, कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति, डीन और लगभग 250 किसान रहेंगे। 

अंतरराष्ट्रीय स्तर के लैब को मंजूरी 
कृषि मंत्री ने बताया कि सरकार प्राकृतिक खेती पर विशेष ध्यान दे रही है जिसके तहत रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय झांसी में प्राकृतिक खेती का लैब लगाने के लिए स्वीकृति प्रदान की है। साथ ही बांदा कृषि विश्वविद्यालय में भी प्राकृतिक खेती के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के लैब बनेंगे। यह प्राकृतिक खेती की टेस्टिंग करेंगे। दोनों लैब 25 करोड़ रुपये से तैयार होगी। एक से डेढ़ वर्ष के भीतर यहां टेस्टिंग शुरू हो जाएगी। 

स्वास्थ्य व आहार परंपरा पर होगा कार्यक्रम
कृषि मंत्री ने बताया कि अमृतकाल के भारत में स्वास्थ्य व आहार परंपरा के तहत भी 19-20 जुलाई को आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय में कार्यक्रम होगा। इसमें श्रीअन्न के आहार से बेहतर स्वास्थ्य पर भी चर्चा होगी। कर्नाटक के वैज्ञानिक पद्मश्री खादर वली के शोध पर चर्चा होगी। पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा, कृषि वैज्ञानिक, श्रीअन्न की खेती करने वाले किसान, एफपीओ, प्रॉसेसर्स भी रहेंगे। इसी के तहत श्रीअन्न को लेकर 26 जुलाई को बांदा कृषि विश्वविद्यालय में भी कार्यशाला होगी।  

यूपी दलहन-तिलहन उत्पादन में आत्मनिर्भर  
योगी सरकार ने दलहन व तिलहन के उत्पादन पर विशेष ध्यान दिया है। वर्ष 2016-17 में 12.40 लाख मीट्रिक टन तिलहन उत्पाद हुआ था। पिछले साल का उत्पादन 28.16 लाख मीट्रिक टन रहा। सरकार आने के बाद यूपी में 15.75 लाख मीट्रिक टन उत्पादन बढ़ा है। दलहन का उत्पादन 23.94 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर 32.53 मीट्रिक टन हो गया यानी विगत वर्षों की तुलना में दलहन का उत्पादन लगभग साढ़े आठ लाख मीट्रिक टन बढ़ा है। देश के भीतर अभी भी 1 लाख 30 हजार करोड़ रुपये का तिलहन और 25-30 हजार करोड़ दलहन का आयात होता है। दलहन-तिलहन में आत्मनिर्भर बनाए रखने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। 

खऱीफ रोपाई व बोआई कार्यक्रम 
कृषि मंत्री ने बताया कि खरीफ रोपाई व बोआई कार्यक्रम चल रहा है। इस साल 34.75 लाख हेक्टेयर में फसलें लगाई गई हैं। इस वर्ष 102 लाख हेक्टेयर का लक्ष्य है। इसके मुकाबले लगभग 35 फीसदी क्षेत्र आच्छादित हुआ है। गत वर्ष इस समय तक 29.63 फीसदी आच्छादन हुआ था। कार्ययोजना बनाकर समय से किसानों के लिए इसे शुरू भी कर दिया गया। 

Also Read