सपा अपराधियों में दिखती है जाति-माफियाओं को दी खुली छूट : भूपेंद्र चौधरी बोले- मठ-मंदिरों का अपमान कर रहे अखिलेश

UPT | भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने पत्रकार वार्ता की।

Sep 18, 2024 01:37

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस का हमेशा एजेंडा रहा है कि समाज को जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर बांटा जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ये विरासत में मिला है। लेकिन, भाजपा सामाजिक समरसता और सामाजिक सद्भाव की बात करती है।

Lucknow News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 74वें जन्मदिन पर प्रदेश भाजपा ने उनकी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी सहित अन्य विरोधी दलों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये दल परिवारवाद की राजनीति को आगे बढ़ा रहे हैं, जबकि भाजपा देश की जनता को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर कहा कि सपा हमेशा मठ मंदिर, हमारे साधु संतों और देवस्थानों के प्रति जो हमारी आस्था परंपरा है, उसकी विरोधी रही है। वर्ष 1990 में किस तरह से कार सेवकों पर गोली चलवाकर अयोध्या में नरसंहार करने का काम सपा सरकार में हुआ था, सभी लोग इसे जानते हैं। हर कोई इस पार्टी के चरित्र से वाकिफ हैं अखिलेश यादव का बयान उनकी इसी तरह की मानसिकता को प्रदर्शित करता है।

सीएम योगी पर टिप्पणी से पहले अपने गिरेबान में झांक लें अखिलेश
भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कुछ भी कहने से पहले अपने गिरेबान में झांक लेते तो बेहतर होता। उन्होंने कहा कि योगी से बढ़कर भला किसने त्याग किया है। दुनिया जानती है कि योगी आदित्यनाथ अपने परिवार को त्याग कर संन्यासी बने थे। वे उत्तर प्रदेश के 24 करोड़ वासियों को ही अपना परिवार मानते हैं और उनके सुख दुख की चिंता करते हैं। समाजवादी पार्टी की परिवारवादी विचारधारा स्वभाविक रूप से योगी जैसे त्यागी के तप और जतन को देखकर आहत होगी। भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि जिनका नारा ही 'खाली प्लॉट हमारा है' रहा हो, वह भला क्या त्याग की बात कर पाएंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ एक संत हैं, उन्हें क्रोध नहीं आता है। लेकिन, मासूम जनता को आहत करने वाले लोगों को वे बख्शते भी नहीं हैं। ऐसे तत्वों के समूल नाश का अध्याय लिख देते हैं।

मोदी-योगी देश और प्रदेश की विरासत को लेकर बढ़ रहे आगे
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस का हमेशा एजेंडा रहा है कि समाज को जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर बांटा जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ये विरासत में मिला है। लेकिन, भाजपा सामाजिक समरसता और सामाजिक सद्भाव की बात करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ लोगों को एड्रेस करते हैं। हम सबको साथ लेकर चलने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपने घर परिवार की विरासत को लेकर आगे बढ़ रहा है तो मोदी और योगी देश और प्रदेश की विरासत के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

अपराधियों को लेकर भाजपा की स्थिति स्पष्ट
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि हमारे संकल्प पत्र में अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की बात स्पष्ट है। हमारी पार्टी का कमिटमेंट है कि जो अपराधी हैं, अनैतिक काम में शामिल हैं, उनके खिलाफ सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी। अपराध में जाति, समाज, धर्म हम नहीं देखते हैं। हमारे लिए अपराधी सिर्फ अपराधी है। जो अपराधी है उसके खिलाफ सरकार विधि सम्मत कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का अपराधियों के प्रति क्या दृष्टिकोण रहा है, सभी को पता है। उनकी सरकारों में अराजकता, गुंडागर्दी, बेईमानी, भ्रष्टाचार और माफिया राज होता था। एक-एक जिला एक-एक माफिया को अलॉट था। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि योगी सरकार ने अपराध के नियंत्रण पर बहुत अच्छा काम किया है। आज उत्तर प्रदेश में अपराध न्यूनतम स्तर पर है।

देश में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से निकले बाहर
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत का सम्मान पूरे विश्व में बढ़ा है। प्रधानमंत्री ने भारत के विकास और गरीबों को समर्पित सरकार चलाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में जनता ने तीसरी बार पूरा विश्वास जताया है। देश में 25 करोड़ लोग आज गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं। बीते दस वर्षों में देश ने नई उपलब्धियों को हासिल किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 100 दिन में मोदी सरकार ने 15 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाएं देश को दी हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के पथ पर अग्रसर हुआ है। चौधरी ने कहा कि किसानों को पिछले 100 दिनों में 20 हजार करोड़ रुपए दिए गए हैं।

विदेश नीति में भारत ने बनाई अलग पहचान
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि पीएम मोदी जो कहते हैं, उसे पूरा करके दिखाते हैं। उन्हें कई देशों से सर्वोच्च पुरस्कार मिले हैं और पिछले 60 सालों में देश के माहौल में बदलाव आया है। डिजिटल इंडिया की पहल को भी विश्वभर के देश समझने की कोशिश कर रहे हैं। विदेश नीति में भारत ने एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस, बिजली, स्वास्थ्य सुविधाओं और हर घर जल जैसी योजनाएं सफलतापूर्वक लागू की गई हैं। वृद्धजनों और युवाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं, जिसमें एक करोड़ युवाओं को भत्ता और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 करोड़ घर बनाने की घोषणा शामिल है।

महिला सशक्तीकरण के लिए बनाए गए 90 लाख से ज्यादा स्वयं सहायता समूह
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में कई गुना वृद्धि की है और मध्यम वर्ग को भी कर राहत दी गई है। ओबीसी, अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए आजीविका और शिक्षा में विशेष ध्यान दिया गया है। सफाई कर्मियों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए भी कार्य किए गए हैं। अटल आवासीय विद्यालय और जनजाति विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की सुविधाएं भी शुरू की गई हैं। महिला सशक्तीकरण के लिए 90 लाख से ज्यादा स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं और मुद्रा लोन की सीमा 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख की गई है। वहीं एक लाख युवाओं को शीर्ष कंपनियों में रोजगार दिया गया है और ई-श्रम पोर्टल का एकीकरण कर रोजगार के नए अवसर सृजित किए गए हैं।

मेडिकल सीटों की संख्या में इजाफा
उन्होंने बताया कि 75 हजार नई मेडिकल सीटें बढ़ाई जा रही हैं और महिलाओं के लिए विशेष योजनाओं पर भी काम जारी है। मोदी सरकार ने तीन नए आपराधिक कानून बनाए हैं। फॉरेंसिक साइंस को बढ़ावा दिया है और पेपर लीक की समस्याओं से निपटने के लिए कड़े कानून लागू किए हैं।

Also Read