Lucknow News : स्वामी प्रसाद मौर्य बोले-नजूल संपत्ति विधेयक से भाजपा नेताओं को फायदा

UPT | पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य

Aug 03, 2024 00:21

नजूल संपत्ति विधेयक को लेकर उठे विवाद के बीच शुक्रवार को पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की भी प्रतिक्रिया आ गई। मौर्य ने कहा कि इस विधेयक से भाजपा नेताओं को फायदा होगा।

Short Highlights
  • डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर साधा निशाना
  • ताज होटल अंडरपास की घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
Lucknow News : नजूल संपत्ति विधेयक को लेकर उठे विवाद के बीच शुक्रवार को पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की भी प्रतिक्रिया आ गई। मौर्य ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस विधेयक से भाजपा नेताओं को फायदा होगा। सरकार भाजपा नेताओं को जमीन देने के लिए नजूल संपति विधेयक लाना चाहती है। विधेयक से आम लोग प्रभावति होंगे। गरीब बेघर हो जाएंगे। सही मायने में आम जनता का गला घोंटा जा रहा है। भाजपा लगातार इस तरह की चालेें चल रही है, जो जनहित में नहीं है।

नजूल संपत्ति विधेयक पर तत्काल लगाई जाए रोक
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि बंदरबांट करने की नीयत से लाए जा रहे इस विधेयक पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए। विधेयक लागू हो गया तो यह आत्मघाती साबित होगा। उन्होंने बिना नाम लिए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर तंज कसते हुए कहा कि लखनऊ से दिल्ली और दिल्ली से लखनऊ की परिक्रमा कर कुछ लोग फर्जी हीरो बन रहे हैं। जबकि इन्हें ठीक से अपने विभागों की जिम्मेदारी संभालकर जनहित के काम करना चाहिए। लोगोें की आंख में धूल झोंकने के लिए यूपी में सीएम की दावेदारी का ड्रामा किया जा रहा है।

अराजकता को बढ़ावा दे रही सरकार
स्वामी प्रसाद मौर्य ने गोमतीनगर में ताज होटल के पास अंडरपास की घटना के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि योगी सरकार अराजकता को बढ़ावा दे रही है। इसकी बानगी सूबे के कई जनपदों में देखने को मिली है। कांवड़ियों ने नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सराहनपुर, मुजफ्फरनगर समेत कई अन्य जिलों में उपद्रव किया। पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई नहीं गई। ऐसे में स्वाभाविक है कि अराजकतत्वों का हौसला बढ़ेगा। परिणामस्वरूप गोमतीनगर जैसी घटनाएं सामने आएंगी। उन्होंने कहा कि गोमतीनगर की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। अदब के शहर लखनऊ में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। मीडिया के माध्यम से घटना सरकार के संज्ञान में आने के बाद मुख्यमंत्री ने कार्रवाई की। मौर्य ने इसके लिए सीएम योगी को धन्यवाद भी दिया।

Also Read