यूपी विधानसभा उपचुनाव : ‘इंडिया गठबंधन’ के संयुक्त प्रत्याशी सभी 9 सीटों पर सपा के चुनाव चिन्ह पर लड़ेंगे चुनाव, अखिलेश ने 'एक्स' पर दी जानकारी 

UPT | सपा प्रमुख अखिलेश यादव।

Oct 24, 2024 01:11

बुधवार को दिन में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बीच फोन पर वार्ता हुई। सपा ने उपचुनाव में कांग्रेस को गाजियाबाद और खैर सीट दी थी, लेकिन कांग्रेस 5 सीटों पर लड़ने के लिए अड़ी हुई थी।

Lucknow News : यूपी में होने वाले विधानसभा के उप चुनाव को लेकर सभी पार्टियां अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटी हुई हैं। सूत्रों के कांग्रेस विधानसभा उपचुनाव में अपने प्रत्याशी नहीं उतारेगी। इंडिया गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी सपा के चुनाव चिन्ह पर मैदान में उतरेंगे। इसकी जानकारी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार की देर रात सोशल मीडिया के माध्यम से दी। यूपी की 9 सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव होने वाले हैं। 

अखिलेश और राहुल की फोन पर हुई बातचीत
सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को दिन में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बीच फोन पर वार्ता हुई। सपा ने उपचुनाव में कांग्रेस को गाजियाबाद और खैर सीट दी थी, लेकिन कांग्रेस 5 सीटों पर लड़ने के लिए अड़ी हुई थी। हालांकि, अखिलेश यादव मंगलवार को कांग्रेस को एक और सीट फूलपुर देने के लिए तैयार हो गए थे। लेकिन, बताते हैं कि राहुल और अखिलेश की वार्ता के बाद कांग्रेस के सिंबल पर प्रत्याशी न उतारने का फैसला किया गया। बता दें कि हरियाणा के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और सपा के बीच सीटों को लेकर बात नहीं बनी थी। इस पर सपा ने भी हरियाणा में अपने प्रत्याशी नहीं उतारे थे। यह तब अखिलेश और राहुल की वार्ता से ही संभव हो सका था। अब हरियाणा की तर्ज पर ही यूपी में कांग्रेस प्रत्याशी नहीं उतार रही है।

अखिलेश ने एक्स पर दी जानकारी
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर देर रात स्थिति स्पष्ट करते हुए लिखा कि  बात सीट की नहीं जीत की है। इस रणनीति के तहत ‘इंडिया गठबंधन’ के संयुक्त प्रत्याशी सभी 9 सीटों पर समाजवादी पार्टी के चुनाव चिन्ह ‘साइकिल’ के निशान पर चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी एक बड़ी जीत के लिए एकजुट होकर, कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ी है। इंडिया गठबंधन इस उपचुनाव में, जीत का एक नया अध्याय लिखने जा रहा है। 

उन्होंने आगे लिखा कि कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ आने से समाजवादी पार्टी की शक्ति कई गुना बढ़ गयी है। इस अभूतपूर्व सहयोग और समर्थन से सभी 9 विधानसभा सीटों पर ‘इंडिया गठबंधन’ का एक-एक कार्यकर्ता जीत का संकल्प लेकर नयी ऊर्जा से भर गया है। सपा प्रमुख ने कहा कि ये देश का संविधान, सौहार्द और PDA का मान-सम्मान बचाने का चुनाव है। इसीलिए हमारी सबसे अपील है : एक भी वोट न घटने पाए, एक भी वोट न बंटने पाए। देशहित में ‘इंडिया गठबंधन’ की सद्भाव भरी ये एकता और एकजुटता आज भी नया इतिहास लिखेगी और कल भी। बता दें कि करहल, सीसामऊ, फूलपुर, मिल्कीपुर, कटेहरी, मझावां और मीरापुर सीट पर सपा पहले ही उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। लोकसभा चुनावों में विधायकों के सांसद चुने जाने के बाद विधानसभा की नौ सीट खाली हुई, जबकि सीसामऊ सीट सपा विधायक इरफान सोलंकी के अयोग्य घोषित होने से खाली हुई। सोलंकी को एक आपराधिक मामले में दोषी करार दिया गया। 

Also Read