UP News : दिवाली पर योगी सरकार का बड़ा तोहफा, सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा बोनस

UPT | CM Yogi Adityanath

Oct 23, 2024 16:02

वर्ष 2023-2024 के लिए बोनस की यह सुविधा राज्य के सभी पूर्णकालिक अराजपत्रित कर्मचारियों को दी जाएगी। इसके साथ ही राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण और प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, जिला पंचायतों, और राजकीय विभागों के कार्य प्रभारित कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

Lucknow News : उत्तर प्रदेश सरकार ने दिवाली से पहले सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा देते हुए बोनस देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस महत्वपूर्ण निर्णय को मंजूरी दी है, जिसकी जानकारी सोशल साइट एक्स पर उनके कार्यालय के जरिए दी गई। इस घोषणा से प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है।

इन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
वर्ष 2023-2024 के लिए बोनस की यह सुविधा राज्य के सभी पूर्णकालिक अराजपत्रित कर्मचारियों को दी जाएगी। इसके साथ ही राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण और प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, जिला पंचायतों, और राजकीय विभागों के कार्य प्रभारित कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा। दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी इस बोनस का फायदा मिलेगा, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को आर्थिक सहायता प्राप्त होगी।



कर्मचारियों को इस तरह मिलता है बोनस का लाभ
प्रदेश सरकार अपने कर्मचारियों को हर वर्ष दिवाली के पर्व के मौके पर बोनस देती रही है। पुरानी पेंशन पाने वालों के लिए बोनस की अलग व्यवस्था है। वहीं नई पेंशन पाने वालों के लिए अलग प्रावधान है। पुरानी पेंशन स्कीम के तहत वाले कर्मचारियों के बैंक खाते में 1800 रुपये आते हैं, जबकि शेष धनराशि 5100 रुपये उनके जीपीएफ अकाउंट में ट्रांसफर की जाती है। वहीं नई पेंशन स्कीम वाले कर्मचारियों के बैंक खाते में सीधे करीब 7000 रुपये भेजे जाते हैं। 

वेतन समय से देने का निर्देश
सरकार बोनस की घोषणा से पहले राज्य कर्मचारियों के लिए अक्टूबर माह का वेतन 30 अक्टूबर को देने का निर्णय कर चुकी है। इस संबंध में वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने आदेश जारी किए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दीपावली और उसके बाद के छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए 30 अक्टूबर को ही सभी कर्मचारियों का वेतन भुगतान किया जाएगा।

महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ
सरकार ने अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में भी वृद्धि की है। इससे 17 लाख से अधिक राज्य कर्मचारियों और शिक्षकों को फायदा मिलेगा। वर्तमान में 50 प्रतिशत डीए मिल रहा है, जिसे अब तीन प्रतिशत बढ़ाकर 53 प्रतिशत किया जाएगा। यह वृद्धि जुलाई 2024 से प्रभावी होगी और कर्मचारियों को अक्टूबर के वेतन के साथ जुलाई, अगस्त, और सितंबर के एरियर का भुगतान भी किया जाएगा।

समय पर वेतन और बोनस से कर्मचारियों में उत्साह
सरकार के इन फैसलों से कर्मचारियों में उत्साह बढ़ा है। वेतन और बोनस समय से मिलने के कारण वे त्योहार को बेहतर तरीके से मना सकेंगे। यह घोषणा दिवाली से ठीक पहले की गई, जिससे त्योहार की तैयारियों में सहूलियत होगी। यूपी सरकार के इस कदम को कर्मचारियों के हित में उठाया गया एक सकारात्मक निर्णय माना जा रहा है।

Also Read