यूपी लेखपाल भर्ती 2022 : दिव्यांग-ओएच के 122 पदों पर महज 7 अभ्यर्थियों का चयन, अखिलेश यादव से मांगी मदद

UPT | यूपी लेखपाल भर्ती 2022 के दिव्यांग अभ्यर्थी

Jul 24, 2024 20:33

दिव्यांग अभ्यर्थियों ने कहा है कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने यूपी लेखपाल भर्ती परीक्षा 2022 के विज्ञापन में दिव्यांग श्रेणी के लिए 309 पद प्रकाशित किए गए थे।

Lucknow News : प्रदेश में लेखपाल भर्ती 2022 के दिव्यांग अभ्यर्थियों ने अधिकारियों पर उनके हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस वजह से वह सरकारी भर्ती की प्रक्रिया से बाहर हो गए हैं और उनके साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर अखिलेश यादव से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई। दिव्यांग अभ्यर्थियों ने सपा अध्यक्ष को संबोधित ज्ञापन पार्टी कार्यालय में सौंपा।    

अन्य राज्यों का दिया हवाला
लेखपाल भर्ती 2022 के दिव्यांग अभ्यर्थियों ने अखिलेश यादव को संबोधित ज्ञापन में कहा है कि मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान जैसे राज्यों में दिव्यांगों की सभी ओएच की उपश्रेणी को लेखपाल भर्ती में पूर्व से ही शामिल किया जाता रहा है। लेकिन, उत्तर प्रदेश में योग्य होने के बाद भी उनका नाम परीक्षा परिणाम की अंतिम सूची में नहीं है। दिव्यांग अभ्यर्थी लगातार इसके लिए धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन, उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने अखिलेश यादव से न्याय दिलाने का अनुरोध किया है।

यूपीएसएसएसी ने दिव्यांग श्रेणी के लिए 309 पद किए थे प्रकाशित
दिव्यांग अभ्यर्थियों ने कहा है कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने यूपी लेखपाल भर्ती परीक्षा 2022 के विज्ञापन में दिव्यांग श्रेणी के लिए 309 पद प्रकाशित किए गए थे। इसमें से ओएच श्रेणी के लिए 122 पद आरक्षित थे और परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने के बाद महज 7 ओएच श्रेणी के पदों पर अभ्यर्थियों को चयन हुआ है। वर्तमान में 115 ओएच के पद रिक्त हैं। अधिकारियों की लापरवाही से दिव्यांग अभ्यर्थी लेखपाल भर्ती 2022 से बाहर होने की कगार में खड़े हैं।

कई जिलों के अभ्यर्थी पहुंचे
लेखपाल भर्ती 2022 के दिव्यांग अभ्यर्थियों में कृष्णकुमार सिंह चंदौली, हिमालय सिंह चित्रकूट, पवन कुमार यादव अम्बेडकरनगर, अजय कुमार कानपुर तथा रजनीश कुमार सहारनपुर और राम निहाल द्विवेदी गोण्डा ने समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आकर ज्ञापन दिया।

Also Read