Uttar Pradesh Exit Polls : यूपी में भाजपा फिर मजबूती से उभरी, गठबंधन की टूट रही उम्मीदें, जानें किसको कितनी मिल रहीं सीटें

UPT | लोकसभा चुनाव।

Jun 02, 2024 07:00

सपा व आईएनडीआईए गठबंधन को एग्जिट पोल में उम्मीद से बेहद कम सीटें दी गई हैं। एग्जिट पोल ऑफ पोल्स के अनुसार, भाजपा और सहयोगी दलों को प्रदेश में 68 सीटें दी गई हैं। जबकि सपा-कांग्रेस गठबंधन को 12 सीटें मिलने का अनुमान है।

Uttar Pradesh Exit Polls : सातवें चरण के मतदान खत्म होने के बाद शनिवार की शाम आए ज्यादातर एग्जिट पोल में भाजपा का दबदबा दिखाई दिया। कई एग्जिट पोल ने तो भाजपा को पिछले लोकसभा चुनाव से भी अधिक सीटें दी हैं। उत्तर प्रदेश में एनडीए को 2019 के मुकाबले बढ़त देखने को मिल रही है। उत्तर प्रदेश के 11 एग्जिट पोल्स में से अधिकांश पोल्स में एनडीए को प्रदेश की 80 सीटों में से 65 से ज्यादा सीटें मिलने के संकेत हैं। वहीं इंडिया गठबंधन को 14 से ज्यादा सीटें मिलती नहीं दिख रही हैं। वहीं अगर न्यूज नेशन के एग्जिट पोल को छोड़ दें तो बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के खाते में एक भी सीट न जाने के संकेत हैं।

एग्जिट पोल में इंडी गठबंधन को मिल रहीं उम्मीद से कम सीटें
सपा व आईएनडीआईए गठबंधन को एग्जिट पोल में उम्मीद से बेहद कम सीटें दी गई हैं। एग्जिट पोल ऑफ पोल्स के अनुसार, भाजपा और सहयोगी दलों को प्रदेश में 68 सीटें दी गई हैं। जबकि सपा-कांग्रेस गठबंधन को 12 सीटें मिलने का अनुमान है। ज्यादातर एग्जिट पोल ने बसपा का खाता न खुलने की बात कही है। एग्जिट पोल के मुताबिक एनडीए को 67 से 71, इंडी गठबंधन को 9 से 12 और एक सीट अन्य को मिल रही है। एग्जिट पोल में 2014 जैसी मोदी लहर नजर आ रही है। अखिलेश और राहुल का गठबंधन सीटों के हिसाब से असरदार नहीं दिख रहा है। लेकिन, वोट शेयर में जबरदस्त उछाल आया है। दो सर्वे के मुताबिक 2019 की तुलना में सपा-कांग्रेस गठबंधन का वोट शेयर 14 प्रतिशत बढ़ा है।

2019 में भाजपा ने जीती थीं 62 सीटें
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि उसकी सहयोगी अपना दल (एस) ने दो सीटें जीती थीं। इस बार भाजपा 75 व उसके सहयोगी दल पांच सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें अपना दल (एस) व रालोद को दो-दो सीटें दी गईं हैं। एक सीट पर सुभासपा किस्मत आजमा रही है। वहीं, विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए के तहत सपा 62, कांग्रेस 17 व तृणमूल कांग्रेस एक सीट पर चुनाव लड़ रही है।

किस पोल में कितनी सीट
TV 9 Polstrat Exit Poll : एनडीए को 66 सीट और इंडिया गठबंधन को 14 सीटें मिलने का अनुमान है। टीवी 9 पोलस्ट्रैट के एग्जिट पोल के अनुसार, एनडीए को 66 सीटें मिल सकती हैं और इंडिया गठबंधन के खाते में 14 सीटें जाने का अनुमान है। 

Times Now ETG Exit Poll : एनडीए को 69 और इंडिया गठबंधन को 11 सीटें मिलने का अनुमान है। टाइम्स नाउ ईटीजी के एग्जिट पोल के अनुसार, यूपी की 80 सीटों में से एनडीए को 69 सीटें मिलने का अनुमान है। इंडिया गठबंधन को 11 सीटें मिल सकती हैं। यहां भी बसपा की झोली में एक भी सीट नहीं जाने के संकेत हैं।

India Today Axis My India Exit Poll : एनडीए को 62-72 सीटें और इंडिया गठबंधन को 8-12 सीटें मिलने का अनुमान है। इंडिया टूडे एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक, एनडीए को यूपी की 80 सीटों में से 62-72 सीटें मिल सकती हैं। इंडिया गठबंधन को 8 से 12 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं बसपा की झोली में एक भी सीट नहीं जाने के अनुमान है।

ABP CVoter Exit Poll : एनडीए को 62-66 सीटें मिलने का अनुमान है। एबीपी सी वोटर के एग्जिट पोल के मुताबिक, यूपी की 80 सीटों में से एनडीए को 62-66 सीटें मिल सकती हैं। इंडिया गठबंधन को 15-17 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि बसपा का खाता खुलते नहीं दिख रहा है।

India TV CNX Exit Poll : एनडीए को 70-74 सीटें मिलने का अनुमान है। इंडिया टीवी सीएनएक्स के एग्जिट पोल के अनुसार, एनडीए को यूपी में 80 में से 70-74 सीटें मिलने का अनुमान है। इंडिया गठबंधन को 10-06 सीट मिल सकती हैं। जबकि बसपा का इस अनुमान में भी खाता खुलते नहीं दिख रहा है।

News 24 Todays Chanakya Exit Poll : एनडीए को 68 सीटें मिलने का अनुमान है। न्यूज 24 टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल के अनुसार, एनडीए को 80 सीटों में से 68 सीटें मिल सकती हैं। इंडिया गठबंधन 12 सीटें अपने नाम कर सकता है। जबकि बसपा के खाते में एक भी सीट न जाने के संकेत हैं। 

न्यूज नेशन के एग्जिट पोल : इसमें एनडीए को 67 और इंडी गठबंधन को 10 सीटें मिलने का अनुमान है। न्यूज नेशन के एग्जिट पोल के मुताबिक, एनडीए को यूपी की 80 सीटों में से 67 सीटें मिल सकती हैं। इंडिया गठबंधन को 10 सीटें और अन्य के खाते में तीन सीटें जा सकती हैं। 

Jan Ki Baat Exit Poll : जन की बात के एग्जिट पोल में भी एनडीए को बढ़त दिखा रहा है। जन की बात के एग्जिट पोल के अनुसार, एनडीए 68 से 74 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है, जबकि इंडिया गठबंधन 12 से 6 सीट अपने नाम कर सकता है। यहां भी बसपा के खाते में कोई भी सीट न जाने का दावा किया गया है।

इंडिया न्यूज-डी डायनमिक्स के एग्जिट पोल : इसमें इंडिया गठबंधन को 11 और एनडीए को 60 सीटें मिलने का अनुमान है। इंडिया न्यूज-डी डायनमिक्स के एग्जिट पोल के अनुसार, यूपी की 80 सीटों में से एनडीए को 69 सीटें और इंडिया गठबंधन को 11 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। बीएसपी (बहुजन समाज पार्टी) को बड़ा झटका लग सकता है, क्योंकि उसके खाते में एक भी सीट न जाने का दावा किया है।

रिपब्लिक-पीएमएआरक्यू के एग्जिट पोल : यूपी में एनडीए को 69 सीटें मिलने का अनुमान है। रिपब्लिक-पीएमएआरक्यू के अनुसार, उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में से एनडीए 69 सीटें जीत सकता है। जबकि इंडिया गठबंधन 11 सीटें अपने नाम कर सकता है।  

रिपब्लिक मैट्रिज के एग्जिट पोल में एनडीए को 69-74 सीटों का अनुमान : रिपब्लिक मैट्रिज के एग्जिट पोल के मुताबिक, एनडीए को 69-74 सीटेम और इंडिया गठबंधन को 6 से 11 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं बीएसपी की झोली खाली रहने का दावा किया है।

2019 के लोकसभा चुनाव में किस दल को कितनी सीटें मिलीं
कांग्रेस : 1
भाजपा : 62 
सपा : 5
बसपा : 10
अपना दल (एस) : 2

सपा-कांग्रेस के वोट शेयर में आया करीब 14% का उछाल
एक्सिस इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक, एनडीए को इस बार ज्यादा सीटें मिल रही हैं, लेकिन वोट शेयर पिछली बार से 2.1% कम होता दिख रहा है। 2019 में एनडीए को 51% वोट मिले थे, इस बार घटकर 49% दिखाया है। सपा और कांग्रेस गठबंधन के वोट शेयर में 14% का उछाल दिख रहा है। इनका वोट शेयर 24.5% बढ़कर 39% तक पहुंच गया। 2019 में दोनों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। तब सपा को 18.1% और कांग्रेस को 6.4% वोट मिले थे। वहीं रिपब्लिक भारत के सर्वे में ​​​​एनडीए का वोट शेयर 50%, इंडी गठबंधन का 39% और अन्य दलों का 11% दिखाया है।

बिना गठबंधन मायावती फिर शून्य पर
एग्जिट पोल में बसपा को सबसे बड़ा नुकसान होता दिख रहा है। 2019 का चुनाव बसपा ने सपा गठबंधन के साथ लड़ा था। तब 10 सीटें जीती थीं। इस बार बसपा अकेले चुनाव लड़ी। 7 एग्जिट पोल में बसपा को एक भी सीट नहीं मिलती दिख रही है। 2014 में भी बसपा ने अकेले चुनाव लड़ा था, तब भी एक सीट नहीं मिली थी।

एग्जिट पोल नतीजों में बदले तो योगी होंगे और मजबूत 
एग्जिट पोल में एनडीए को 62 से 74 सीटें मिल रही हैं। जन की बात ने एग्जिट पोल में भाजपा को 64-70 सीटें दी है। इंडिया टीवी ने भाजपा को 58 से 64 सीटें दी हैं। अगर एग्जिट पोल नतीजे में बदलते हैं तो यूपी के सीएम योगी का कद बढ़ जाएगा। योगी ने यूपी में सबसे ज्यादा 179 रैलियां की हैं।

यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन
2024 चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। सपा 62 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि कांग्रेस को 17 सीटें दी हैं। भदोही की एक सीट ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी को दी है। वहीं, भाजपा 75 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 2 सीट अपना एल (एस), 2 सीट रालोद और 1 सीट सुभासपा को दी है।

क्या होता है एग्जिट पोल
एग्जिट पोल एक तरह का चुनावी सर्वे होता है। मतदान वाले दिन जब मतदाता वोट देकर पोलिंग बूथ से बाहर निकलता है तो वहां अलग-अलग सर्वे एजेंसी और न्यूज चैनल के लोग मौजूद होते हैं। वह मतदाता से वोटिंग को लेकर सवाल पूछते हैं। एजेंसी और न्यूज चैनल के लोग पूछते हैं कि उन्होंने किसको वोट दिया है? इस तरह से हर विधानसभा के अलग-अलग पोलिंग बूथ से वोटर्स से सवाल पूछा जाता है। मतदान खत्म होने तक ऐसे सवाल बड़ी संख्या में आंकड़े एकत्र हो जाते हैं। इन आंकड़ों को जुटाकर और उनके उत्तर के हिसाब से अंदाजा लगाया जाता है कि पब्लिक का मूड किस ओर है? मैथमेटिकल मॉडल के आधार पर ये निकाला जाता है कि कौन सी पार्टी को कितनी सीटें मिल सकती हैं? इसका प्रसारण मतदान खत्म होने के बाद ही किया जाता है। 

Also Read