Bihar Politics: ये क्या बोल गए सपा नेता, पार्टी ने दिखा दिया बाहर का रास्ता 

UPT | Nitish Kumar Hoarding

Jan 30, 2024 14:07

इंडिया गठबंधन से अलग होने और बिहार में बीजेपी के साथ सरकार बनाने पर सपा के एक नेता ने लखनऊ में नीतीश कुमार के खिलाफ आधी रात पलटू राम की होर्डिंग लगवा दी थी। इस होर्डिंग को तो रात में ही उतार लिया गया था लेकिन सपा मुखिया को यह कदम इतना अखर गया कि उन्होंने अपने ही नेता को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

Short Highlights
  • नीतीश कुमार को पलटू राम बताने वाले सपा नेता पार्टी से निष्कासित
  • नीतीश कुमार के खिलाफ आधी रात पलटू राम की होर्डिंग लगवा दी
Lucknow News : सियासत में कब क्या हो जाए ये कोई नहीं जान सकता है। कुछ वक़्त पहले तक जिसे गाली दी जाती है उसे ही नेता कब मजाज़ी-ख़ुदा बना लें ये भी कोई आज तक समझ नहीं पाया है। बिहार में राजनीतिक उलटफेर के चलते नीतीश कुमार पर विपक्ष जमकर हमलावर है। हालांकि समाजवादी पार्टी नीतीश कुमार को लेकर खुलकर कोई बड़ा हमला नहीं बोल रही है। इंडिया गठबंधन से अलग होने और बिहार में बीजेपी के साथ सरकार बनाने पर सपा के एक नेता ने लखनऊ में नीतीश कुमार के खिलाफ आधी रात पलटू राम की होर्डिंग लगवा दी थी। इस होर्डिंग को तो रात में ही उतार लिया गया था लेकिन सपा मुखिया को यह कदम इतना अखर गया कि उन्होंने अपने ही नेता को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
जानें पूरा मामला

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आरजेडी का साथ छोड़कर एक बार फिर से एनडीए के साथ मुख्यमंत्री पद का शपथ लेना यूपी के राजनीतिक दलों को अब नागवार लगने लगा है। यही कारण है कि देर रात समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर का पलटू राम के नाम का पोस्टर लगाया गया।

दरअसल समाजवादी पार्टी के युवजन सभा पूर्व प्रदेश सचिव आशुतोष सिंह ने नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए उनको पलटू राम की उपाधि दे दी थी। विक्रमादित्य मार्ग स्थित सपा प्रदेश कार्यालय के बाहर आधी रात को एक विवादित होर्डिंग उनके द्वारा लगाई गई जिसमें नीतीश कुमार के साथ ओम प्रकाश राजभर की तस्वीर थी। इस होर्डिंग में लिखा गया कि "राजनीति के दो पलटू राम, जनता रहे इनसे सावधान". संत कबीर नगर के सपा नेता आशुतोष सिंह पर पार्टी ने आनन फानन में अपने नेता पर कड़ा एक्शन ले लिया है। मंगलवार को पार्टी की ओर से जारी हुए पत्र में लिखा गया कि आशुतोष सिंह को अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण समाजवादी पार्टी से निष्कासित किया जाता है। गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी का यह कदम अब अखिलेश के अलग राजनीतिक संदेश को दर्शा रहा है। हालांकि जब इस मामले पर आशुतोष सिंह से बात करने की कोशिश की गई तो उनका फोन नहीं उठा।

Also Read